Delhi Central Park closed: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल (NDMC) ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 3 बजे से आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताते हुए एडवाइजरी जारी की है।
धारा 163 के तहत प्रतिबंध, पुलिस ने की अपील
दिल्ली पुलिस ने BNSS की धारा 163 के तहत जारी आदेशों का हवाला देते हुए लोगों से कनॉट प्लेस में प्रस्तावित प्रदर्शन से दूर रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, राष्ट्रीय ध्वज फहराने या लेकर चलने और राष्ट्रगान गाने के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी होगा। पुलिस ने यह भी कहा कि 11 लोगों के समूह को तय स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज ले जाने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति दी जा सकती है।
कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ी
प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां तैनात की गई हैं और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी और जरूरत पड़ने पर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है।
यह भी देखेंःसरकार ने की आजम खान और अब्दुल्ला की सजा बढ़ाने की मांग, हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रदर्शन पर रोक लगाने से किया इनकार
यह फैसला दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश के बाद आया है, जिसमें सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने से इनकार किया गया था। 15 अक्टूबर को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने दुकानदार अनिल कुमार गुप्ता की याचिका पर सुनवाई की थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों में रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और सीबीडी ग्राउंड शामिल हैं, जहां आवश्यक अनुमति लेकर प्रदर्शन किया जा सकता है।
इन सड़कों पर प्रभावित हो सकता है यातायात
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से नई दिल्ली के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेल्म्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, रफी मार्ग, तिलक मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड शामिल हैं। इसके अलावा रेल भवन, पटेल चौक, मंडी हाउस, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना और सी-हेक्सागन के आसपास भी परेशानी हो सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों को यात्रा की योजना पहले से बनाने, पर्याप्त समय लेकर निकलने और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।