
अगर आप एलन मस्क की कंपनी SpaceX में काम करने का सपना देखते हैं, तो ये खबर आपके लिए है. मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट शाखा Starlink ने अब भारत में अपनी टीम बनाना शुरू कर दिया है. कंपनी ने भारत के सैटकॉम मार्केट में एंट्री से पहले बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Starlink का भारतीय मुख्यालय बेंगलुरु में बनाया जाएगा. इस भर्ती अभियान का पहला फेज फाइनेंस और अकाउंटिंग से जुड़ी भर्तियों पर केंद्रित है.
कौन-कौन से पदों पर निकली वैकेंसी
SpaceX के करियर पोर्टल और LinkedIn पर Starlink ने चार प्रमुख पदों के लिए आवेदन मांगे हैं
अकाउंटिंग मैनेजर- कंपनी की वित्तीय रिपोर्टिंग और कानूनी अनुपालन की जिम्मेदारी
पेमेंट्स मैनेजर- UPI, RuPay और कार्ड ट्रांजेक्शन जैसे घरेलू भुगतान तंत्रों का प्रबंधन
सीनियर ट्रेजरी एनालिस्ट- फॉरेन एक्सचेंज ऑपरेशन्स और स्थानीय ट्रेजरी सेटअप पर काम
टैक्स मैनेजर- टैक्स अनुपालन, ट्रांसफर प्राइसिंग और ऑडिट समन्वय का जिम्मा
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी पद 100% ऑनसाइट होंगे यानी कोई रिमोट या हाइब्रिड ऑप्शन नहीं होगा. साथ ही केवल भारत में वैध कार्य अनुमति रखने वाले उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं.
भारत में जल्द होगी Starlink की लॉन्चिंग
Starlink की यह भर्ती ऐसे वक्त में हो रही है जब कंपनी भारत में अपनी कमर्शियल सर्विस 2025 के आखिर या 2026 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. Starlink इस समय भारत सरकार के DoT और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि सभी सुरक्षा नियम पूरे किए जा सकें. रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने अपनी पहली सैटेलाइट कंस्ट्रेलेशन के तहत 600 Gbps की क्षमता के लिए आवेदन किया है. हालांकि फिलहाल परीक्षण के लिए केवल 100 टर्मिनल आयात करने की अनुमति मिली है.
राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रतिस्पर्धा की बड़ी तैयारी
भारत सरकार ने Starlink के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कड़े नियम तय किए हैं. इसके तहत कंपनी के गेटवे स्टेशनों का संचालन केवल भारतीय नागरिकों को करने की अनुमति होगी. विदेशी कर्मचारी तभी ऐसा कर पाएंगे जब उन्हें गृह मंत्रालय से स्पेशल अप्रूवल मिलेगा. Starlink के भारत में उतरने से Jio और Airtel जैसी कंपनियों को सीधी चुनौती मिलने वाली है. हाई-स्पीड और कम-लेटेंसी इंटरनेट सेवाओं की बदौलत भारत के दूर-दराज़ इलाकों में डिजिटल कनेक्टिविटी का नया दौर शुरू हो सकता है.