Gmail Spam Issue: दुनियाभर में करोड़ों लोग रोजमर्रा के काम, नौकरी के आवेदन, बैंकिंग अलर्ट, ओटीपी, बिजनेस अपडेट और जरूरी डॉक्यूमेंट के लिए'जीमेल' का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि जरूरी मेल इनबॉक्स में दिखाई देने की बजाय सीधे स्पैम फोल्डर में पहुंच जाते हैं। जिसके चलते यूजर्स समय पर जरूरी जानकारी नहीं देख पाते और उनके महत्वपूर्ण काम या अपडेट छूट जाते हैं। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो आप जीमेल की कुछ आसान सेटिंग्स में बदलाव करके इस समस्या को ठीक कर सकते हैं।
क्यों स्पैम फोल्डर में चले जाते हैं ईमेल?
जीमेल का स्पैम फोल्डर संदिग्ध और अनचाहे ईमेल की पहचान करने के लिए बनाया गया है। हालांकि, कई बार जीमेल का ऑटोमैटिक सिस्टम गलती से सही और सुरक्षित ईमेल को भी स्पैम मान लेता है। ऐसा आमतौर पर तब होता है जब ईमेल भेजने वाला व्यक्ति आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में शामिल न हो या फिर उस ईमेल एड्रेस को पहले कभी गलती से स्पैम मार्क किया गया हो या आपकी जीमेल फिल्टर सेटिंग्स सही तरीके से कॉन्फिगर न की गई हों।
Not Spam' मार्क करें
अगर कोई जरूरी ईमेल स्पैम फोल्डर में चला गया है, तो उसे तुरंत 'नॉट स्पैम' मार्क करें। इससे जीमेल के एल्गोरिदम को यह संकेत मिलता है कि यह ईमेल सुरक्षित है और भविष्य में उस सेंडर के ईमेल स्पैम में नहीं जाएंगे। इसके लिए कंप्यूटर यूजर्स जीमेल खोलकर बाएं तरफ दिए गए 'Spam' सेक्शन में जाएं। संबंधित ईमेल को खोलें या सेलेक्ट करें और ऊपर दिए गए 'Not Spam' विकल्प पर क्लिक करें। वहीं मोबाइल यूजर्स जीमेल ऐप में जाकर रिपोर्ट नोट स्पैम ऑप्शन पर क्लिक कर सकते हैं।
कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें
गूगल के अनुसार, जिन ईमेल एड्रेस को यूजर्स अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव रखते हैं, जीमेल उन्हें अधिक भरोसेमंद मानता है। इसलिए किसी भी जरूरी व्यक्ति, कंपनी या संस्थान के ईमेल एड्रेस को 'Google Contacts' में जाकर तुरंत सेव कर लें। ऐसा करने से फ्यूचर में उनके ईमेल सीधे इनबॉक्स में दिखाई देने की संभावना बढ़ जाएगी।
यह भी पढ़ें: WhatsApp के ये 5 इन-बिल्ट फीचर्स रखेंगे आपका बैंक अकाउंट सेफ, आज ही बदलें ये सेटिंग्स
जीमेल फिल्टर का इस्तेमाल करें
अगर किसी खास सेंडरके ईमेल बार-बार स्पैम में जा रहे हैं, तो जीमेल का 'फिल्टर फीचर' सबसे कारगर उपाय है। इस फीचर की मदद से किसी स्पेशल सेंडर के लिए नियम तय किए जा सकते हैं। फिल्टर बनाने के लिए सबसे पहले जीमेल खोलें। इसके बाद'Search Options' (फिल्टर आइकन) पर क्लिक करें। फॉर्म सेक्शन में संबंधित ईमेल एड्रेस दर्ज करें और क्रिएट फिल्टर ऑप्शन चुनें। यहां Never send it to Spam ऑप्शन को एक्टिव कर दें। इसके बाद उस सेंडर के ईमेल सीधे इनबॉक्स में आने लगेंगे।
मोबाइल यूजर्स क्या करें
एंड्रॉइड और आईफोन यूजर्स भी स्पैम फोल्डर से ईमेल हटाकर और सेंडर को कॉन्टैक्ट लिस्ट में जोड़कर इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान दें कि 'कस्टम फिल्टर' बनाने की सुविधा वर्तमान में केवल कंप्यूटर पर जीमेल वेब के जरिए ही उपलब्ध है।