
हापुड़ जंक्शन के यार्ड में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। क्योंकि स्लीपर लेकर दूसरी पटरी पर जा रहा इंजन का एक पहिया अचानक से बेपटरी हो गया। हालांकि हादसे के दौरान किसी भी प्रकार का रेल संचालन प्रभावित नहीं हुआ। लेकिन, रेलवे अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे अधिकारियों ने क्रेन आदि की मदद से पटरी से उतरे पहिये को ठीक प्रकार से पटरी पर रखा। जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
मुरादाबाद मंडल के प्रमुख स्टेशनों में शुमार हापुड़ जंक्शन पर यह हादसा तब हुआ, जब इंजन यार्ड में पटरी लेकर जा रहा था । इंजन चालक ने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह के नेतृत्व में रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इंजीनियरों और कर्मचारियों की काफी मेहनत से इंजन का पहिया दोबारा पटरी पर रखा गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर इंजन को पटरी पर वापस रखवा दिया गया। इस कारण मुख्य लाइन पर रेल संचालन में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से हुआ है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।