
वेलिंग्टन रीजनल स्टेडियम में आज न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मैच खेला गया. वहीं इस मैच में इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने एक बार फिर से अपनी किरकिरी करा ली है. दरअसल इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड से सामने 223 रनों का लक्ष्य रखा है. तीसरे वनडे में भी इंग्लैंड की पूरी टीम छोटा सा स्कोर खड़ा कर धराशाई हो गई. वहीं इंग्लैंड द्वारा रखा गया छोटा सा स्कोर तय करने में न्यूजीलैंड को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. जिसके चलते एक बार फिर इंग्लैंड को मुंह की खानी पड़ी. तीसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने 2 विकेट से बाजी मार कर इंग्लैंड का सूपड़ा साफ कर दिया है.
तीसरे वनडे में इंग्लैंड के सभी धुरंधर फ्लॉप
इंग्लैंड की टीम पहले वनडे में 223 और दूसरे वनडे मैच में 175 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. जिसके बाद आज खेले जा रहे तीसरे वनडे में भी पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पारी 222 रनों पर सिमट गई. इंग्लैंड की टीम के जो रूट से लेकर हैरी ब्रूक तक सभी धुरंधर फ्लॉप साबित हुए. आज वो तो जेमी ओवरटन (68) और ब्रायडन कार्स (36) ने महत्वपूर्ण पारी खेलकर इंग्लैंड को 200 के पार खींचकर जरूर पहुंचा भी दिया, नहीं तो आज सीरीज का सबसे छोटा स्कोर बनता. वहीं तीसरे वनडे में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जेमी स्मिथ 5 रन बनाकर आउट हो गए, इसके बाद आए सबसे अनुभवी बल्लेबाज जो रुट 2 रन बनाकर चलते बने, फिर बेन डकेट भी 8 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए. कप्तान हैरी ब्रूक के रूप में इंग्लैंड को चौथा झटका लगा, उन्होंने 6 रन बनाए.
टॉप-4 बल्लेबाजों द्वारा सबसे कम रन बनाने का शर्मनाक रिकॉर्ड
तीसरे वनडे में इंग्लैंड की टीम के टॉप-4 विकेट 6.3 ओवरों में ही गिर गए, चारों बल्लेबाजों ने मिलाकर कुल स्कोर 21 रन बनाए. हालांकि केवल इस मैच की ही ये कहानी नहीं है, बल्कि सीरीज के पिछले दोनों मैचों में भी टीम का यही हाल था और इसी वजह से इंग्लैंड के नाम ये शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. जहां पहले मैच में इंग्लैंड के टॉप-4 बल्लेबाजों ने मिलाकर सिर्फ 6 रन बनाए थे. दूसरे मैच में चारों ने 57 रन बनाए थे. यानी 3 वनडे मैचों की सीरीज में इंग्लैंड के टॉप-4 बल्लेबाज केवल 84 रन ही बना सके हैं. वनडे क्रिकेट के इतिहास में सीरीज या टूर्नामेंट में किसी टीम के टॉप-4 बल्लेबाजों द्वारा बनाए सबसे कम रन का अनचाहा रिकॉर्ड अब इंग्लैंड के नाम पर दर्ज हो गया है. पहले ये खिताब बांग्लादेश के नाम था, जिसके टॉप-4 बल्लेबाजों ने एशिया कप 1988 में मिलाकर 89 रन बनाए थे.
इसे भी पढ़ें : PM Modi ने किया छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा का उद्घाटन, बोली ये बड़ी बात !
न्यूजीलैंड ने पहले ही सीरीज अपने नाम की
आपको बता दें कि इस सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने 135 रनों की शानदार पारी खेली थी, हालांकि उस मैच में वह 5वें नंबर पर मैदान पर आए थे. इससे पहले ज़कारी फ़ौल्कस ने शुरूआती 4 में से 3 विकेट लिए थे. इस मैच में फ़ौल्कस ने कुल 4 विकेट लिए थे. वहीं दूसरे वनडे में ब्लेयर टिकनर की शानदार गेंदबाजी देखने को मिली थी, जिन्होंने न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक 4 विकेट लिए. उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ प्लेयर चुना गया था. तीसरे मैच में भी ब्लेयर टिकनर ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए और जैकब डफी ने 3 विकेट चटकाए.