अगर आप नौकरी करते हैं और हर महीने आपकी सैलरी से PF का पैसा कटता है तो यह खबर आपके काम की है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए PF खाते पर 8.25 फीसदी ब्याज मिलने की बात कही गई है। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया के मुताबिक, 15 जुलाई तक ब्याज की रकम PF मेंबर्स की पासबुक में दिखने लगेगी। ऐसे में करोड़ों नौकरीपेशा लोग अपने खाते में ब्याज आने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन बड़ा सवाल है कि आखिर PF का पैसा हर महीने कैसे बढ़ता है?
हर महीने जुड़ता है ब्याज या साल में एक बार?
कई लोगों को लगता है कि EPFO हर महीने खाते में ब्याज का पैसा डालता है, लेकिन ऐसा नहीं है। ब्याज का हिसाब हर महीने के बैलेंस के आधार पर लगाया जाता है, जबकि पूरी ब्याज की रकम साल में एक बार खाते में दिखाई देती है। मतलब आपके PF खाते में हर महीने जो नया पैसा जमा होता है, उसे अगले महीने के हिसाब में शामिल कर लिया जाता है। इसी वजह से धीरे-धीरे आपका PF बैलेंस बढ़ता रहता है।
2 लाख रुपये से समझिए पूरा हिसाब
मान लीजिए 1 अप्रैल को आपके PF खाते में 2 लाख रुपये जमा हैं। ब्याज दर 8.25 फीसदी सालाना है। EPFO अप्रैल महीने के लिए आपके खाते में मौजूद रकम के आधार पर ब्याज का हिसाब करेगा। इसके बाद मई में आपकी सैलरी से PF का नया पैसा खाते में आएगा। अब पुरानी रकम और नए जमा पैसे को जोड़कर अगले महीने के ब्याज का हिसाब होगा। इसी तरह पूरे साल हर महीने बैलेंस बढ़ता रहता है और ब्याज की रकम भी बढ़ती जाती है।
ये भी पढ़ें : आज LPG सिलेंडर सस्ता हुआ या फिर बढ़े दाम? 11 जुलाई के नए रेट देखकर ही कराएं बुकिंग
छोटा निवेश कैसे बन जाता है बड़ा फंड?
PF की सबसे बड़ी खासियत लंबे समय तक लगातार पैसा जमा होना है। आपकी सैलरी से हर महीने एक तय रकम PF खाते में जाती है और कंपनी की तरफ से भी योगदान होता है। समय के साथ खाते में बड़ी रकम जमा हो सकती है। हालांकि ब्याज की गणना और क्रेडिट को लेकर EPFO के अपने नियम हैं। इसलिए पासबुक में ब्याज साल के आखिर में एक साथ दिख सकता है। लंबे समय तक नौकरी करने वालों के लिए यही रकम रिटायरमेंट के समय बड़ा सहारा बनती है।
घर बैठे ऐसे चेक करें अपना PF बैलेंस
अगर आप अपना PF बैलेंस जानना चाहते हैं तो रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं। कॉल अपने आप कटने के बाद SMS के जरिए जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा मैसेज बॉक्स में EPFOHO UAN HIN लिखकर 7738299899 पर भेज सकते हैं। HIN का मतलब हिंदी भाषा है। PF पासबुक और दूसरी ऑनलाइन सेवाओं के लिए EPFO की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
PF का पैसा निकालें या खाते में रहने दें?
EPF को रिटायरमेंट की बचत के लिए बनाया गया है। हर महीने जमा होने वाली छोटी रकम लंबे समय में बड़ा फंड बना सकती है। इसलिए बिना जरूरत बार-बार PF का पैसा निकालने से आपके भविष्य के फंड पर असर पड़ सकता है। फिलहाल PF मेंबर्स की नजर 15 जुलाई पर है। अगर ब्याज की रकम पासबुक में अपडेट होती है तो आप तुरंत अपना बैलेंस चेक कर सकते हैं और देख सकते हैं कि इस बार आपके खाते में कितना पैसा बढ़ा है।