EPFO EDLI Insurance: नौकरीपेशा लोगों के लिए ईपीएफओ से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सरकार ने पीएफ में अनिवार्य कवरेज के लिए वेतन सीमा को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया है। यह बदलाव 17 सितंबर 2026 से लागू हुआ है। इससे ज्यादा कर्मचारियों को पीएफ के दायरे में आने का मौका मिलेगा। इस बदलाव का असर सिर्फ पीएफ बचत पर ही नहीं, बल्कि पेंशन और बीमा से जुड़े फायदे पर भी पड़ सकता है।
अब 7 लाख का मिलता है बीमा
ईपीएफओ से जुड़े पात्र कर्मचारियों को ईडीएलआई यानी कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना के तहत बीमा कवर मिलता है। अभी इसमें अधिकतम 7 लाख रुपये तक का कवर दिया जाता है। खास बात यह है कि कर्मचारी को इसके लिए अलग से कोई प्रीमियम नहीं देना पड़ता। इसमें नियोक्ता की तरफ से योगदान किया जाता है। नौकरी के दौरान कर्मचारी की मौत होने पर तय नियमों के अनुसार इस बीमा का फायदा उसके परिवार या नामित व्यक्ति को मिल सकता है।
10.5 लाख रुपये तक हो सकता है कवर
नई वेतन सीमा के बाद ईडीएलआई कवर को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा 10.5 लाख रुपये की हो रही है। मौजूदा गणना के आधार पर 15 हजार रुपये की सीमा से अधिकतम 7 लाख रुपये का कवर बनता है। अगर यही गणना 25 हजार रुपये की नई सीमा पर लागू होती है, तो कवर 10.5 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। 10.5 लाख रुपये का कवर अभी अंतिम तौर पर तय नहीं हुआ है। इसके लिए सरकार की तरफ से ईडीएलआई नियमों में जरूरी बदलाव की आधिकारिक सूचना का इंतजार है।
कर्मचारियों को क्या फायदा मिलेगा
अगर ईडीएलआई की गणना में नई 25 हजार रुपये की सीमा लागू होती है, तो पात्र कर्मचारियों के परिवार को पहले के मुकाबले ज्यादा बीमा सुरक्षा मिल सकती है। साथ ही, 25 हजार रुपये तक की वेतन सीमा होने से ऐसे कर्मचारी भी अनिवार्य पीएफ कवरेज में आ सकते हैं, जो पहले 15 हजार रुपये की सीमा से बाहर रह जाते थे। इस बदलाव का असर पेंशन व्यवस्था पर भी पड़ सकता है, क्योंकि ईपीएफओ की नई सीमा से ईपीएफ और ईपीएस से जुड़े आंकड़ों में भी बदलाव होगा।
अभी अंतिम नियम का इंतजार
फिलहाल 7 लाख रुपये का अधिकतम ईडीएलआई कवर लागू है। 10.5 लाख रुपये का आंकड़ा नई वेतन सीमा के आधार पर की गई संभावित गणना है। सरकार की ओर से ईडीएलआई के नए नियमों की औपचारिक जानकारी आने के बाद ही साफ होगा कि बीमा कवर वास्तव में कितना बढ़ेगा। यानी पीएफ कर्मचारियों के लिए बदलाव बड़ा है, लेकिन बीमा कवर को लेकर अंतिम तस्वीर आधिकारिक नियम आने के बाद ही साफ होगी।
ये भी पढ़ें- Birth-Death Certificate New Rules: 1 अक्टूबर से बदलेंगे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के नियम, जानें क्या होगा बदलाव