कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 15 जुलाई तक करोड़ों खातों में पीएफ का ब्याज जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर दी है। इस बार खाताधारकों को 8.25 प्रतिशत की दर से ब्याज मिला है। कई लोगों के मोबाइल पर ब्याज जमा होने का मैसेज भी आ चुका है, जबकि कुछ लोगों को अब भी मैसेज मिल रहे हैं।
इस बार रिकॉर्ड समय में मिला ब्याज
पहली बार EPFO ने इतनी जल्दी ब्याज जमा किया है। पहले ब्याज आने में कई महीने लग जाते थे और कई खातों में नवंबर तक पैसा पहुंचता था। इस बार नया केंद्रीय सिस्टम लागू होने के बाद प्रक्रिया काफी तेज हुई और तय समय के भीतर ज्यादातर खातों में ब्याज भेज दिया गया।
ऐसे करें बैलेंस चेक
अगर आपको अभी तक मैसेज नहीं मिला है, तो आप खुद भी अपना बैलेंस देख सकते हैं। EPFO की पासबुक वेबसाइट पर जाकर यूएएन नंबर और पासवर्ड से लॉग इन करें। इसके बाद अपनी सदस्य आईडी चुनकर पासबुक में ब्याज की एंट्री देख सकते हैं।
ये भी पढ़ें : E20 Petrol विवाद में बड़ा फैसला, ग्राहक को नई कार या पूरी रकम लौटाने का आदेश
UMANG ऐप से भी मिलेगी जानकारी
मोबाइल में UMANG ऐप खोलें और EPFO सेवा चुनें। यहां "पासबुक देखें" विकल्प पर क्लिक करें। यूएएन और मोबाइल पर आए OTP से लॉग इन करने के बाद आपका पीएफ बैलेंस और ब्याज की जानकारी दिखाई दे जाएगी।
SMS और मिस्ड कॉल से भी पता करें
अगर इंटरनेट नहीं है, तो रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर EPFOHO UAN लिखकर SMS भेज सकते हैं। हिंदी में जानकारी पाने के लिए EPFOHO UAN HIN भेजें। इसके अलावा 9966044425 पर रजिस्टर्ड मोबाइल से मिस्ड कॉल देने पर भी कुछ ही देर में बैलेंस की जानकारी SMS के जरिए मिल जाएगी।
अगर ब्याज नहीं दिख रहा तो क्या करें?
अगर आपके खाते में अभी तक ब्याज नहीं दिख रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कई बार तकनीकी वजहों से अपडेट होने में थोड़ा समय लग सकता है। कुछ दिन इंतजार करें और फिर दोबारा पासबुक या UMANG ऐप पर बैलेंस चेक करें। अगर इसके बाद भी ब्याज नहीं दिखे, तो EPFO के क्षेत्रीय कार्यालय या हेल्पलाइन से संपर्क किया जा सकता है।