पीएफ निकालने की प्रक्रिया अब पहले जैसी लंबी और झंझट भरी नहीं रह सकती. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने यूपीआई पेमेंट गेटवे के जरिए पीएफ निकासी की नई सुविधा की टेस्टिंग पूरी कर ली है. इसका मकसद पीएफ से पैसे निकालने की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो आने वाले समय में फोन से कुछ क्लिक करते ही पैसा खाते में पहुंच सकेगा.
क्लेम और कागजी काम होगा कम
फिलहाल पीएफ निकालने के लिए लोगों को क्लेम फॉर्म भरना पड़ता है और प्रक्रिया पूरी होने में कई दिन लग जाते हैं. दस्तावेज जमा करने से लेकर सत्यापन तक कई चरण होते हैं. नई व्यवस्था आने के बाद इस लंबे इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है. इससे कर्मचारियों को तुरंत मदद मिल सकती है.
ऐसे काम करेगी नई सुविधा
नई व्यवस्था के तहत पीएफ खाते की राशि का एक हिस्सा सुरक्षित रखा जा सकता है जबकि बाकी राशि यूपीआई से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर की जा सकेगी. उपयोगकर्ता अपने यूपीआई पिन की मदद से इस प्रक्रिया को पूरा कर सकेंगे. बैंक खाते में पैसा आने के बाद उसका इस्तेमाल सामान्य डिजिटल भुगतान या नकद निकासी के लिए किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें : जून में सफर से पहले संभल जाइए, Railway ने अचानक रद्द कर दीं 77 ट्रेनें
7 करोड़ लोगों को मिलेगा फायदा
इस सुविधा से देश के 7 करोड़ से ज्यादा ईपीएफओ सदस्यों को लाभ मिलने की उम्मीद है. खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी जिन्हें अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है. आपात स्थिति में तेजी से पीएफ राशि तक पहुंचना कर्मचारियों के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है.
अभी बाकी है अंतिम तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक तकनीकी परीक्षण पूरा हो चुका है लेकिन कुछ सॉफ्टवेयर संबंधी काम अभी बाकी हैं. ईपीएफओ अब व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाने पर काम कर रहा है. इसके बाद ही इस सुविधा को आम लोगों के लिए शुरू किया जाएगा.
व्हाट्सएप पर भी मिलेगी सुविधा
ईपीएफओ सिर्फ यूपीआई सुविधा पर ही काम नहीं कर रहा बल्कि व्हाट्सएप सेवाएं शुरू करने की भी तैयारी में है. इसके जरिए लोग पीएफ बैलेंस, पुराने ट्रांजैक्शन और कई जरूरी जानकारी आसानी से देख सकेंगे. इससे डिजिटल सुविधा का दायरा और बढ़ने वाला है.