
ESIC Recruitment 2025: कर्मचारी राज्य बीमा निगम की ओर से प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 11 पदों को भरा जाएगा। इस भर्ती के लिए आपको कही भी आवेदन करने की जरूरत नहीं है, बल्कि इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। यह इंटरव्यू 16 अक्टूबर 2025 को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में आयोजित किया जाएगा।
16 अक्टूबर को होगा इंटरव्यू
आपको बता दें कि इस भर्ती के लिए इंटरव्यू 16 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। वॉक-इन-इंटरव्यू में शामिल होने का समय सुबह 9 बजे निर्धारित किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 11 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. इनमें प्रोफेसर के लिए 2, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 4 और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 5 पद शामिल हैं। इंटरव्यू में जाने के लिए उम्मीदवार के पास कक्षा दसवीं का प्रमाण-पत्र, एमबीबीएस सर्टिफिकेट, पीजी और डिप्लोमा सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण-पत्र व अन्य निर्धारित दस्तावेज होने चाहिए। इस इंटरव्यू में प्रोफेसर के पद पर चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 2,22,543 रुपये, एसोसिएट प्रोफेसर के पद के लिए प्रतिमाह 1,47,986 रुपये और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए 1,27,141 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा उम्मीदवारों को सरकार द्वारा तय अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
वहीं, इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से एमडी, एमएस, एमएससी या पीएचडी की डिग्री होना जरूरी है। मेडिकल क्षेत्र में शिक्षण का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, आयु सीमा की बात करें, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु 67 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित वर्ग से आने वाले लोगों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जा सकती है।