EV Repair Cost: अगर आप भी ईंधन के बढ़ते दामों से तंग आकर इलेक्ट्रिक कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो सिर्फ उसकी कम रनिंग कॉस्ट देखकर फैसला न लें। ईवी चलाने का खर्च भले ही पेट्रोल-डीजल कारों से कम है, लेकिन दुर्घटना या किसी तरह के नुकसान के बाद इसकी रिपेयरिंग और इंश्योरेंस क्लेम का खर्च आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है।
औसत क्लेम की रकम
पॉलिसीबाजार के हालिया आंकड़ों के मुताबिक 10 से 15 लाख रुपये की रेंज वाली इलेक्ट्रिक कारों में पहले तीन साल के दौरान इंश्योरेंस क्लेम की औसत रकम 41,543 रुपये रही। वहीं इसी कीमत की पेट्रोल और डीजल कारों के लिए यह आंकड़ा 36,185 रुपये था। इंश्योरेंस क्लेम की औसत रकम पेट्रोल और डीजल गाड़ियों के मुकाबले करीब 14 प्रतिशत ज्यादा पाई गई है।
क्यों आता है EV की Repair पर ज्यादा खर्च
ईवी का बैटरी पैक, इलेक्ट्रिक मोटर और अन्य आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम काफी महंगे होते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक कार के मॉडल के आधार पर बैटरी बदलने की लागत कुल कार की कीमत का 40 से 50 प्रतिशत तक हो सकती है। कुछ मरम्मत के लिए खास उपकरणों और प्रशिक्षित तकनीशियनों की जरूरत होती है। इसके अलावा बैटरी कूलिंग सिस्टम और इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स भी खर्च बढ़ा सकते हैं। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि हर छोटी दुर्घटना में बैटरी बदलनी ही पड़ेगी। वास्तविक खर्च इस बात पर निर्भर करता है कि नुकसान कितना और कहां हुआ है।
बारिश में बढ़ सकता है क्लेम का खर्च
रिपोर्ट के अनुसार मानसून के दौरान इलेक्ट्रिक कारों के औसत इंश्योरेंस क्लेम की रकम बढ़कर लगभग 65,000 रुपये तक पहुंच जाती है, जबकि साल के बाकी समय में यह औसतन 52,000 रुपये के आसपास रहती है। जलभराव, बाढ़ और पानी से होने वाले नुकसान के कारण बारिश के मौसम में क्लेम की औसत रकम करीब 25 प्रतिशत ज्यादा होती है। हालांकि, हर तरह का पानी से जुड़ा नुकसान इंश्योरेंस में कवर हो, यह जरूरी नहीं है। यह पूरी तरह से पॉलिसी शर्तों और आपके द्वारा चुने गए ऐड ऑन पर निर्भर करता है। आंकड़ों में यह भी सामने आया कि EV मालिकों के बीच बैटरी प्रोटेक्शन कवर लेने का चलन बढ़ा है. पिछले छह महीनों में यह हिस्सा 51 प्रतिशत से बढ़कर 70 प्रतिशत हो गया।
यह भी पढ़ें: Hyundai की नई SUV Bayon से उठा पर्दा: 26 अक्टूबर को होगी लॉन्च, जानें इंजन, फीचर्स और डिजाइन की पूरी डिटेल
ईवी इंश्योरेंस लेते समय इन बातों का रखें ध्यान
सबसे कम प्रीमियम वाला इंश्योरेंस चुनने के बजाय उसकी कवरेज और शर्तों को ध्यान से पढ़ें। अपनी जरूरत के हिसाब से बैटरी प्रोटेक्शन, जीरो डेप्रिसिएशन, रोडसाइड असिस्टेंस और कंज्यूमेबल्स कवर जैसे ऐड ऑन जरूर लें। पॉलिसी के सभी शर्तों की अच्छी तरह से जांच करें। इसके अलावा यह भी जांचें कि आपके शहर में उस बीमा कंपनी के नेटवर्क में ऐसे ऑथराइज्ड गैराज उपलब्ध है, जहां इलेक्ट्रिक कारों की रिपेयरिंग की सही सुविधा मिलती हो।