
होशियारपुर–जालंधर मार्ग पर रात करीब 10 बजे गांव मंडियाला के करीब एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। यहां पर एक एलपीजी टैंकर में धमाका हो गया। हादसे में करीब 20 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं एक की मौत हो गई। सभी घायलों को सिविल अस्पताल, होशियारपुर में लाया गया। यहां पर राहत कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए होशियारपुर फायर ब्रिगेड के साथ दसूहा, फगवाड़ा और जालंधर से अतिरिक्त फायर टेंडर मौके पर बुलाया गया।
जांच करने के निर्देश दिए गए
घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री डॉ.रवजोत सिंह, विधायक ब्रम शंकर जिम्पा और डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जा रही है। हादसे वाले मार्ग को तुरंत बंद कर दिया गया ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना बचा सके। इस दौरान एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया है, जो स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है। डिप्टी कमिश्नर के अनुसार, नसराला डिपो के अफसरों को गैस के निशानों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया
डिप्टी कमिश्नर के अनुसार, जिन घायलों की हालत गंभीर है, उन्हें उच्च स्तरीय अस्पतालों में रेफर किया गया है। वहीं बाकी का इलाज सिविल अस्तपाल होशियारपुर में जारी है। घायलों के उपचार में किसी तरह की कोई कमी न हो, ऐसे में अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया है। सिविल सर्जन समेत सभी वरिष्ठ अफसर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे हादसे वाले क्षेत्र की ओर न जाएं और राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें। कैबिनेट मंत्री, विधायक व डिप्टी कमिश्नर ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि घायलों की पूरी देखभाल की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन पीड़ितों व उनके परिवारों के साथ खड़ा है।