भोले-भाले लोगों को पैसे का लालच देकर उनके खाते इस्तेमाल करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ये गिरोह ऑनलाइन गेमिंग और हवाला का काम भी करता था। पुलिस ने काले धन को सफेद करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीँ गिरोह के सरगना की पुलिस तलाश कर रही है।
छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है
बुलंदशहर में ऑनलाइन गेमिंग और हवाला के अवैध कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ किया है। थाना सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने काले धन को सफेद करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह भोले-भले लोगों को कुछ पैसे का लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। आरोपी पीड़ितों को बंधक बनाकर उनके खातों से हवाला के पैसों का लेनदेन कराते थे।
कंपनियों के नौ मोबाइल फोन बरामद किए
लेनदेन पूरा होने तक खाताधारक को गिरोह की निगरानी में रखा जाता था। पुलिस ने हरियाणा, बुलंदशहर के खुर्जा और सिकंदराबाद के महेपा जागीर गांव निवासी प्रमोद, शिवम, राजकुमार समेत अन्य तीन हरियाणा के निवासी अमित, करन, अमर नाम के आरोपियों को दबोचा है, जबकि गिरोह के सरगना और मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों के कब्जे से एक कार, एक चेक बुक और विभिन्न कंपनियों के नौ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बड़े अंतरराज्यीय हवाला नेटवर्क से जुड़ा
पुलिस का दावा है कि यह गिरोह एक बड़े अंतरराज्यीय हवाला नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। थाना सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई में जुटी है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि जल्द ही गिरोह के सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस टीम बना दी गई है।