पाकिस्तान में एक बार फिर बड़ा रेल हादसा सामने आया है. जाफर एक्सप्रेस ट्रेन उस समय दुर्घटना का शिकार हो गई, जब जैकोबाबाद जिले में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ. धमाके की चपेट में आकर ट्रेन की 6 बोगियां पटरी से उतर गईं. हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
धमाके से ट्रैक हुआ क्षतिग्रस्त
जाफर एक्सप्रेस पेशावर से क्वेटा जा रही थी. जैसे ही ट्रेन जैकोबाबाद के पास पहुंची, रेलवे ट्रैक पर जोरदार विस्फोट हुआ. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रैक पर करीब 3 फीट गहरा गड्ढा बन गया और करीब 6 फीट लंबी पटरी उखड़ गई. इसके कुछ ही देर बाद जाफर एक्सप्रेस उस ट्रैक पर पहुंची और हादसे का शिकार हो गई.
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दलों के साथ रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं.
धमाके की वजह पर सस्पेंस
धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां और रेलवे अधिकारी घटना की जांच में जुटे हैं. प्रारंभिक तौर पर यह सुरक्षा में सेंध या आतंकी साजिश का मामला माना जा रहा है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पहले भी बनाया गया था निशाना
बता दें कि यह वही जाफर एक्सप्रेस है, जिसे 11 मार्च को बलूच विद्रोहियों ने हाईजैक कर लिया था. उस समय बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ट्रेन को कब्जे में लेकर पाकिस्तानी सेना के जवानों की हत्या कर दी थी और 182 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया गया था. उस हमले के बाद भी सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल उठे थे और अब एक बार फिर से इस ट्रेन को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से पाकिस्तान रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि आतंकवादी संगठनों के निशाने पर बार-बार एक ही ट्रेन आना चिंता का विषय है और इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो गया है.
ट्रैक को खाली कराने का काम जारी
फिलहाल, ट्रेन के डिब्बों को ट्रैक से हटाने और रेलवे लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है. साथ ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है.
रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच को प्राथमिकता दे रही हैं. आने वाले दिनों में इस हादसे के पीछे की वजहों और संभावित साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है.