जब क्रिकेट जगत में सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग और कुमार संगाकारा जैसे दिग्गजों का दौर खत्म होने की ओर था, तब चार नए सितारे उभर रहे थे। भारत के विराट कोहली, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, न्यूजीलैंड के केन विलियमसन और इंग्लैंड के जो रूट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई। समय के साथ इन चारों बल्लेबाजों को "फैब-4" के नाम से जाना जाने लगा। इन खिलाड़ियों ने पिछले डेढ़ दशक में क्रिकेट पर राज किया है और मिलकर 243 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए हैं। रन, रिकॉर्ड और लगातार प्रदर्शन के दम पर इन चारों ने आधुनिक क्रिकेट के सबसे बड़े बल्लेबाजों में जगह बनाई है।
कई मामलों में विराट सबसे आगे
अगर फैब-4 के आंकड़ों पर नजर डालें तो विराट कोहली कई बड़ी उपलब्धियों में बाकी तीनों खिलाड़ियों से आगे दिखाई देते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा शतक और तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन के मामले में विराट का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने वनडे और टी20 क्रिकेट में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं और लंबे समय तक दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज भी रहे। यही वजह है कि विराट को आधुनिक युग के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिना जाता है। लेकिन एक ऐसा रिकॉर्ड भी है, जिसमें विराट अपने तीनों साथियों से पीछे रह गए हैं।
टेस्ट औसत में विराट सबसे पीछे
यह रिकॉर्ड टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी औसत का है। विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अपने करियर में 123 टेस्ट मैच खेलकर 9230 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 46.85 रहा। फैब-4 में विराट अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका टेस्ट औसत 50 से कम है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ इस सूची में सबसे ऊपर हैं। स्मिथ ने 123 टेस्ट मैचों में 56.05 की शानदार औसत से 10,763 रन बनाए हैं। उनकी निरंतरता और बड़े स्कोर बनाने की क्षमता उन्हें इस मामले में सबसे खास बनाती है।
इसे भी पढ़ें : बेटे के गम से नहीं उबर पाईं मां! Jaspal Rana के निधन के कुछ दिन बाद परिवार पर टूटा एक और दुख का पहाड़
स्मिथ नंबर-1, रूट और विलियमसन भी आगे
टेस्ट औसत की इस खास सूची में दूसरे स्थान पर केन विलियमसन हैं। न्यूजीलैंड के इस स्टार बल्लेबाज ने 110 टेस्ट मैचों में 54.06 की औसत से 9515 रन बनाए हैं। वहीं इंग्लैंड के जो रूट तीसरे नंबर पर हैं, जिनके नाम 164 टेस्ट मैचों में 13,952 रन और 50.73 का औसत दर्ज है। रूट अभी भी खेल रहे हैं और सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रन के रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहे हैं। इस तरह फैब-4 में टेस्ट औसत के मामले में स्टीव स्मिथ पहले, केन विलियमसन दूसरे, जो रूट तीसरे और विराट कोहली चौथे स्थान पर हैं। हालांकि विराट के नाम कई बड़े रिकॉर्ड हैं, लेकिन टेस्ट औसत की इस दौड़ में उनके साथी उनसे आगे निकल गए हैं।