परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल-इटायरा रोड स्थित एमएस गोल्ड राइट इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।
ग्राम इटायरा निवासी पप्पू पुत्र चमन सिंह पिछले चार वर्षों से उक्त फैक्ट्री में फल पैकिंग का कार्य कर रहा था। शनिवार दोपहर लंच के दौरान वह फैक्ट्री के बाहर स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने गया था। चाय पीने के बाद जैसे ही वह बीड़ी पीने लगा, तभी उसके सिर में तेज दर्द होने लगा।
हालत गंभीर होने पर परिजनों को सूचना दी
तबीयत बिगड़ने पर फैक्ट्री में काम करने वाले उसके भतीजे ओमकार और निखिल उसे अंदर लेकर आए। हालत गंभीर होने पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि काफी देर तक फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से उसे उपचार के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे आनन-फानन में गढ़ रोड स्थित माही माइंड सेंटर लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे मेडिकल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
शव को लेकर फैक्ट्री पहुंचे और हंगामा करने लगे
मौत के बाद आक्रोशित परिजन शव को लेकर फैक्ट्री पहुंचे और हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची परतापुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और परिजनों को समझाकर शांत कराया। फैक्ट्री मालिक अजय अग्रवाल पुत्र बृजभान निवासी नवल विहार, बागपत रोड ने परिजनों को आर्थिक सहायता देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि मृतक के परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।