नोएडा के सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के पास मामूरा कट पर 20 अक्टूबर 2026 की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र का यह मामला है।मृतक की पहचान योगेंद्र कुमार राय पुत्र बृज किशोर राय के रूप में हुई है। वे मूल रूप से कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित फैलू कुम्हार का हाता के निवासी थे। नोएडा के मामूरा में किराए के कमरे में रहते थे और सेक्टर-62 स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे।
तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक योगेंद्र फैक्ट्री से अपने कमरे (मामूरा) लौट रहे थे। इसी दौरान मामूरा कट पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जो इसे अपने गांव ले गए हैं।
परिवार ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस वाहन और चालक की पहचान कर तलाश में जुटी है। अभी तक आरोपी फरार है।