Fadnavis Hits Back Statement: बीएमसी चुनाव से पहले महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के “10 मिनट में मुंबई बंद” वाले बयान पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीखा पलटवार किया है। फडणवीस ने इस दावे को सिर्फ बयानबाजी बताते हुए कहा कि अब हालात बदल चुके हैं और ऐसी धमकियों से सरकार डरने वाली नहीं है।
राउत का दावा
एनडीटीवी के एक कार्यक्रम में संजय राउत ने कहा कि उनकी पार्टी का संगठन आज भी मजबूत है और चाहें तो 10 मिनट में मुंबई बंद कर सकते हैं। उन्होंने इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि इसे धमकी ही समझा जा सकता है। राउत के इस बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी।
फडणवीस का जवाब
मुख्यमंत्री फडणवीस ने राउत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर इतनी ताकत थी तो एकनाथ शिंदे को मुंबई में घुसने से क्यों नहीं रोका गया। उन्होंने कहा कि शिंदे 50 विधायकों के साथ मुंबई आए, राजभवन पहुंचे और सरकार बना ली, लेकिन विरोध करने वाले कुछ भी नहीं कर पाए।
यह भी देखेंःPSLV-C62 मिशन में तकनीकी मोड़: तीसरे चरण में गड़बड़ी से तय कक्षा से भटका रॉकेट, ISRO कर रहा विश्लेषण
बाला साहब के दौर से तुलना
फडणवीस ने कहा कि बाला साहब ठाकरे के समय में शिवसेना में वह ताकत थी कि उनके इशारे पर मुंबई बंद हो जाती थी, लेकिन अब वह स्थिति नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि आज की शिवसेना में वैसा दम नहीं बचा है और ये सिर्फ बोलने की बातें हैं।
बीएमसी चुनाव में ठाकरे बंधुओं की जुगलबंदी
बीएमसी चुनाव के लिए राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के गठबंधन पर राउत ने कहा कि दोनों भाई हैं और यह उनका पारिवारिक फैसला है। उन्होंने खुद को दोनों का मित्र बताते हुए कहा कि अगर उनके एक होने में उनकी कोई भूमिका है तो वे खुद को भाग्यशाली मानेंगे।