
Bulandshahar News: खुर्जा नगर क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक जनसेवा केंद्र का भंडाफोड़ हुआ है। भोले भाले लोगों का फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोगो को बेवकूफ बनाया जा रहा था। खुर्जा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले जनसुविधा केंद्र संचालक अतुल कुमार को गिरफ्तार किया है। खुर्जा नगर पुलिस और मिशन शक्ति टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हासिल हुई।
असली आधार कार्ड जैसा दिखता था फर्जी आधार
खुर्जा पुलिस ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी हैं। जब सीधे साधे लोग अभियुक्त के जन सुविधा केंद्र पर अपने आधार कार्ड में जन्म तिथि, पता अथवा अन्य प्रविष्टियां अध्यवधिक कराने आते थे। तब अतुल के द्वारा बिना UIDAI में आधार प्रविष्टियां अपडेट कराए, लोगों से अधिक धन लेकर उनको उनकी मनचाही प्रविष्टियां भरकर एक कूटरचित अथवा फर्जी आधार कार्ड दे दिया जाता था। जो असली आधार कार्ड जैसा ही दिखता था । बताया कि ऐसे ही अन्य लोगो को चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टीम बनाकर अन्य जनसुविधा केंद्रों को भी जांचा जाएगा।
कई आधार कार्ड किए गए बरामद
पुलिस ने उसके कब्जे से 30 फर्जी आधार कार्ड, 1 कंप्यूटर, 1 लैपटॉप और 2 प्रिंटर बरामद किए हैं। मामला दर्ज होने के बाद अतुल कुमार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। खुर्जा नगर पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा है। यह कदम न केवल अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाएगा, बल्कि आधार कार्ड की विश्वसनीयता को भी बनाए रखेगा। खुर्जा सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि भोलेभाले लोगों को गुमराह कर अतुल उनका आधार कार्ड फर्जी तरीके से अपडेट लर देता था। उसके पास से काफी संख्या में ऐसे आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। इसके पूरे नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है।