देश के सामने एक ऐसे कथित बाबा का चेहरा बेनकाब हुआ है, जिसने आस्था, डर और प्रभाव का खतरनाक जाल बुनकर महिलाओं का शोषण किया। अशोक खरात उर्फ ‘भोंदू बाबा’ नाम का यह शख्स सिर्फ आम लोगों ही नहीं, बल्कि नेताओं, अफसरों और रसूखदार परिवारों तक अपनी पकड़ बना चुका था। उसकी गिरफ्तारी के बाद जो खुलासे हुए हैं, उन्होंने हर किसी को चौंका दिया है।
डर और तंत्र-मंत्र से बनाया शिकार
खरात खुद को अघोरी शक्तियों से जुड़ा बताता था और इसी डर का इस्तेमाल कर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। उसके ऑफिस का माहौल ऐसा बनाया गया था कि अंदर जाते ही लोग सहम जाएं। नकली सांप, रहस्यमयी आवाजें और ‘आत्मा’ से बातचीत जैसे हथकंडों के जरिए वह लोगों को मानसिक रूप से कमजोर कर देता था, जिससे वे उसका विरोध न कर सकें।
नशीली दवाएं और ब्लैकमेलिंग का जाल
जांच में सामने आया है कि वह महिलाओं को नशीले पदार्थ देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था और फिर उनकी तस्वीरें व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। पुलिस को अब तक 58 ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें अलग-अलग महिलाओं के साथ आपत्तिजनक दृश्य कैद हैं। इन वीडियो के जरिए वह लंबे समय तक शोषण करता रहा।
ये भी पढ़ें : घर से बिजनेस तक का सफर आसान, सरकार की ये 3 योजनाएं बदल सकती हैं महिलाओं की किस्मत
VIP कनेक्शन ने बढ़ाई ताकत
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि बाबा के संपर्क में कई बड़े नेता, अफसर और प्रभावशाली लोग थे। यही वजह रही कि लंबे समय तक उसके खिलाफ आवाज उठाना मुश्किल रहा। यहां तक कि कुछ प्रभावशाली लोग उसके बेहद करीबी बताए जा रहे हैं, जिससे उसकी पहुंच और ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
शिकायत से खुला पूरा राज
पूरा मामला तब सामने आया जब एक महिला ने ब्लैकमेलिंग और शोषण की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस जांच में एक-एक परत खुलती चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच जारी, खुल सकते हैं और राज
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। आशंका है कि पीड़ितों की संख्या और भी ज्यादा हो सकती है। यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस खतरनाक सोच का उदाहरण है जहां अंधविश्वास और प्रभाव का गलत इस्तेमाल कर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जाता है।