Hapur News : प्लाट का फर्जी बैनामा करने की जानकारी करने पहुंचे पीड़ित के साथ आरोपी ने गाली गलौज कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दी. एसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मोहल्ला हर्ष विहार निवासी अनिल सागर ने एसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि 21 जनवरी 2008 को एक प्लाट के मूल भू-स्वामी द्वारा अपना तथाकथित प्लाट प्रमिला देवी को विक्रय किया था.
08 दिसंबर 2008 को प्रमिला देवी द्वारा इस प्लाट को कुंवरपाल शर्मा को विक्रय कर दिया। 3 अगस्त 2009 को कुंवर पाल शर्मा द्वारा इस प्लाट को पीड़ित की पत्नी रेखा उर्फ अंजली तथा सगी बहन ओमवती को विक्रय कर दिया गया. 3 अगस्त 2009 से वह प्लाट पर काबिज चला आ रहा है. 28 दिसंबर 2023 को आपसी सहमति से पीड़ित की सगी बहन ओमवती द्वारा यह प्लाट पीड़ित को गिफ्ट डीड कर दिया गया। प्लाट का पूर्ण स्वामित्व और अधिकार उसका है. पीड़ित के पास प्लाट की सम्पूर्ण चैन मूल रूप में मौजूद है.
पीड़ित ने आरोप लगाते हुए बताया कि ग्राम चमरी निवासी राज कुमार त्यागी एक संगठित गिरोह का संचालक है, जिसके गिरोह में दिल्ली निवासी सतेन्द्र कुमार, पूजा, आदर्श नगर कालोनी, योगेश कुमार, तेजवीर सिंह, लज्जापुरी निवासी बिजेन्द्र कुमार, काजीवाड़ा निवासी महफूज खान मोहित त्यागी व अन्य 2-3 अज्ञात व्यक्ति शामिल है। राज कुमार त्यागी द्वारा उसके मामा स्वर्गीय कैलाश चन्द द्वारा भूमि का विक्रय प्लाटों के रूप में किया जा चुका है.
इसके बावजूद राज कुमार त्यागी द्वारा 10 मार्च 2014 को मृतक और अपने मामा स्व कैलाश चन्द से मूल्यवान प्रतिभूति वसीयत अपने पक्ष में तैयार कराई गई. इसके बाद राज कुमार त्यागी द्वारा अपने गिरोह के साथ मिलकर उक्त मूल्यवान प्रतिभूति और कूटरचित वसीयत का प्रयोग कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उददेश्य से 17 अगस्त 2023 को धोखाधड़ी कर मोहल्ला हर्ष विहार में कई प्लाटों का बैनामा स्वयं को मालिक दर्शाते हुए कर दिया गया. इस संबंध में राज कुमार त्यागी के विरुद्ध थाना कोतवाली नगर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है जो विचाराधीन है.
राज कुमार त्यागी द्वारा अपने गिरोह के साथ मिलकर कूटरचित वसीयत का प्रयोग कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उददेश्य से पुनः 9 अप्रैल 2025 को राजस्व विभाग एवं पूर्वत बैनामों की चैन के आधार पर पीड़ित के स्वामित्व और अधिकारित के अंश का बैनामा आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उददेश्य से धोखाधड़ी कर दिल्ली निवासी पूजा के पक्ष में कर दिया गया. इसकी जानकारी मिलने पर वह राज कुमार त्यागी के घर पर गया और उसके द्वारा किए गए बैनामों के सम्बंध में जानकारी की तो आरोपी ने आक्रोशित होकर उसे जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी.
एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.
एसएचओ सदर देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.