दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घरेलू नौकरानी ने अपने मालिक के घर फर्जी ईडी रेड करवा दी। आरोप है कि उसने पूरी योजना बनाकर अपने साथियों को बुलाया और घर की अंदरूनी जानकारी साझा की। पुलिस ने इस मामले में नौकरानी समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
कैसे हुई नकली रेड
बताया गया कि 11 फरवरी को कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर ईडी अधिकारी बनकर घर पहुंचे। उन्होंने 86 साल के सेवानिवृत्त आर्किटेक्ट के घर में जबरन प्रवेश किया। परिवार को डराया-धमकाया गया, मोबाइल फोन छीन लिए गए और तलाशी का नाटक किया गया। जाते-जाते आरोपी नकदी और महंगी घड़ियां लेकर फरार हो गए। घरवालों को शुरुआत में शक तक नहीं हुआ कि ये असली अधिकारी नहीं हैं।
350 से ज्यादा CCTV से मिला सुराग
दिल्ली पुलिस ने इस केस को सुलझाने के लिए 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आसपास के निजी कैमरों, ट्रैफिक कैमरों और सर्विलांस फुटेज की मदद से संदिग्धों की गाड़ी का नंबर ट्रेस किया गया। कार सराय काले खान से होती हुई गाजियाबाद की ओर जाती दिखी। यही सुराग पुलिस को वैशाली इलाके तक ले गया, जहां कार खड़ी मिली।
ये भी पढ़ें : ED की बड़ी कार्रवाई! Anil Ambani का 17 मंजिला ‘Abode’ अस्थायी तौर पर अटैच, राजमहल जैसे घर पर शिकंजा
नौकरानी पर पहुंची जांच की सुई
तकनीकी जांच में पता चला कि घटना के समय कुछ मोबाइल नंबर संदिग्ध जगहों पर सक्रिय थे। इसी कड़ी में घरेलू नौकरानी का नाम सामने आया। पुलिस को जानकारी मिली कि वह अक्सर गाजियाबाद के एक पते पर जाती थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसी पते से पूरी साजिश रची गई थी।
छापे में बरामद हुआ सामान
जब पुलिस ने संदिग्ध घर पर छापा मारा तो वहां नकली रेड में इस्तेमाल की गई वर्दी, फर्जी आईडी कार्ड और वायरलेस सेट बरामद हुए। चोरी की गई महंगी घड़ियां और गहने भी मिले। पुलिस का कहना है कि गिरोह ने फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर यह योजना बनाई थी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनमें एक सुरक्षाबल से जुड़ा व्यक्ति भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। यह घटना दिखाती है कि किस तरह घर की अंदरूनी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है। फिलहाल जांच जारी है।