हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव सादिकपुर कट के पास ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से ट्रक की टक्कर लगने से किसान की मौत के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्राली चालक को भी चोटें आई थीं।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गांव हसनपुर के दीपाशु पाल ने बताया कि 28 मई की सुबह करीब चार बजे वह अपने चाचा बिजेंद्र के साथ ट्रैक्टर ट्राली में पशुओं का चारा लेकर गांव से हापुड़ की ओर आ रहा था। ट्रैक्टर में ज्वार और मक्का का चारा भरा हुआ था। जब वह एनएच 334 स्थित गांव सादिकपुर कट के पास नयारा पेट्रोल पंप से आगे पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर - ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में ट्राली पर बैठे बिजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दीपाशु को भी चोटें आईं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
घायल बिजेंद्र को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद परिवार शोक में डूबा हुआ था, जिसके कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। अब पीड़ित ने तहरीर देकर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना हाफिजपुर प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।