Farmer Loan Waiver : महाराष्ट्र सरकार की 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्जमुक्ति योजना 2026' में बड़ा अपडेट सामने आया है। सरकार ने सख्त जांच के बाद करीब 94 हजार किसानों को योजना से बाहर कर दिया है। जांच में सामने आया कि ये किसान नियमित रूप से आयकर भरते हैं। योजना के नियमों के अनुसार आयकर देने वाले किसानों को कर्जमाफी का लाभ नहीं मिल सकता, इसलिए उनके नाम लाभार्थी सूची से हटा दिए गए हैं।
16.94 लाख किसानों को मिलेगी राहत
सरकार ने बताया कि जांच के बाद 16.94 लाख किसानों को योजना के लिए पात्र पाया गया है। इन किसानों के फसल ऋण खातों में 4 अगस्त को करीब 7,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। राशि खाते में पहुंचते ही पात्र किसानों का पुराना बकाया फसल ऋण खत्म हो जाएगा और वे नए फसल ऋण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
किन किसानों को मिलेगा फायदा?
योजना के तहत 30 सितंबर 2025 तक का बकाया फसल ऋण रखने वाले किसानों को अधिकतम 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी दी जाएगी। वहीं, जो किसान समय पर अपना फसल ऋण चुकाते रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहन के तौर पर 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। यदि किसी किसान पर 2 लाख रुपये से अधिक का बकाया है, तो अतिरिक्त राशि जमा करने के बाद सरकार अपने हिस्से की 2 लाख रुपये तक की राशि जारी करेगी।
ये भी पढ़ें : DA Arrears: 6 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स की बड़ी जीत, हाईकोर्ट के आदेश से एक महीने में मिलेगा DA एरियर
ऐसे चेक करें अपना नाम
पात्र किसानों की सूची सहकार विभाग और MahaIT पोर्टल पर जारी कर दी गई है। किसान आधिकारिक पोर्टल पर जाकर जिला, तालुका और गांव का चयन करके अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा संबंधित बैंक शाखा, जिला सहकारी बैंक या नजदीकी 'आपले सरकार सेवा केंद्र' और CSC सेंटर पर जाकर भी लाभार्थी सूची में अपना नाम जांचा जा सकता है।
DBT से आएगी रकम, ये काम जरूर कर लें
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कर्जमाफी की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए बैंक खाते का आधार ई-केवाईसी और एग्रीस्टैक रजिस्ट्रेशन पूरा होना जरूरी है। जिन किसानों ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें जल्द से जल्द जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है।