Bulandshahr News: चोला थाना क्षेत्र के गांव दाऊदपुर में मंगलवार को खेत पर टहलने गए किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कार सवार हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस के अनुसार दाऊदपुर निवासी 50 वर्षीय मुकेश सोलंकी गांव के बाहर श्मशान घाट के पास स्थित अपने खेत पर टहलने गए थे। इसी दौरान कार से पहुंचे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने एक के बाद एक तीन राउंड फायर किए, जिससे मुकेश सोलंकी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस हत्या के पीछे की रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।