
NHAI ने 15 अगस्त से पूरे देश में FASTag वार्षिक पास सुविधा शुरू कर दी है। यह सुविधा अब करीब 1,150 टोल प्लाज़ा पर लागू है। लोगों का रेस्पॉन्स शुरू से ही अच्छा रहा है। शाम 7 बजे तक करीब 1.4 लाख लोगों ने वार्षिक पास खरीदकर एक्टिवेट किया। टोल प्लाजा पर करीब 1.39 लाख ट्रांजैक्शन दर्ज हुए। राजमार्ग यात्रा ऐप पर किसी भी वक्त 20 से 25 हजार लोग एक साथ एक्टिव रहते हैं। वार्षिक पास यूजर्स को टोल पर जीरो कटौती का SMS भी मिल रहा है।
NHAI ने हर टोल प्लाजा पर अफसरों की तैनाती की है। इस तरह से पास यूजर्स को यात्रा में कोई दिक्कत न हो। शिकायतों के लिए 1033 नेशनल हाईवे हेल्पलाइन को भी मजबूत किया गया है और इसमें 100 से ज्यादा नए एग्ज़िक्यूटिव जोड़े गए हैं।
देश में 8 करोड़ से ज्यादा यूजर्स
वार्षिक पास एक बार में 3 हजार का शुल्क लेकर 1 साल (या 200 टोल पार करने) तक मान्य रहेगा।यह केवल गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए है। राजमार्ग यात्रा ऐप या NHAI वेबसाइट से भुगतान के 2 घंटे के अंदर सक्रिय हो जाएगा। FASTag की पैठ करीब 98 फीसदी है और देश में 8 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं।
नॉन-कमर्शियल गाड़ियों के लिए होगा लागू
एनुअल पास वैलिड फास्टैग वाले सभी नॉन-कमर्शियल गाड़ियों जैसे- कार, जीप और वैन के लिए लागू है। वार्षिक पास को सक्रिय करने को लेकर अलग से एक लिंक राजमार्ग यात्रा ऐप पर मौजूद है। ये लिंक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी है। फास्टैग एनुअल पास राजमार्गयात्रा ऐप या एनएचएआई वेबसाइट के जरिए 3000 रुपये की एकसाथ फीस भरने के दो घंटे के अंदर सक्रिय हो जाता है।