हाइवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने FASTag को लेकर नियमों में सख्ती कर दी है। अब वाहन की विंडस्क्रीन पर FASTag को सही तरीके से चिपकाना अनिवार्य कर दिया गया है। अगर कोई व्यक्ति टैग को हाथ में पकड़कर या डैशबोर्ड पर रखकर टोल पार करता है, तो उसे भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
गलत इस्तेमाल पर लगेगा दोगुना टोल
नए नियमों के तहत यदि FASTag विंडस्क्रीन पर सही तरीके से नहीं लगा है, तो टोल प्लाजा पर स्कैनिंग सही से नहीं हो पाएगी। ऐसे में डिजिटल भुगतान अमान्य माना जाएगा और वाहन चालक से दोगुना टोल वसूला जाएगा। इतना ही नहीं, बार-बार नियम तोड़ने पर FASTag को ब्लॉक या ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है, जिससे वह आगे किसी भी टोल पर काम नहीं करेगा।
विंडस्क्रीन पर लगाना क्यों जरूरी
FASTag को विंडस्क्रीन पर लगाने से टोल प्लाजा पर स्कैनिंग बिना रुकावट के होती है। इससे ट्रैफिक का प्रवाह बना रहता है और लंबी कतारों से बचाव होता है। हाथ में पकड़े गए टैग से स्कैनिंग में देरी होती है, जिससे जाम की स्थिति बनती है। इसी समस्या को खत्म करने के लिए यह नियम लागू किया गया है।
ये भी पढ़ें : ‘रुझानों में उलटफेर का दावा या सियासी रणनीति?’ Bengal में बढ़त के बीच Mamata का बड़ा बयान
टोल चोरी रोकने पर फोकस
NHAI का कहना है कि कई लोग एक ही FASTag का इस्तेमाल अलग-अलग गाड़ियों में करते हैं। इसके अलावा, भारी वाहनों में छोटे वाहनों का टैग दिखाकर कम टोल देने की कोशिश भी की जाती है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है। नए नियम का उद्देश्य ऐसे गलत इस्तेमाल को रोकना और सिस्टम को पारदर्शी बनाना है।
नए ऑटोमैटिक सिस्टम की तैयारी
सरकार जल्द ही नए ऑटोमैटिक टोल सिस्टम को लागू करने की तैयारी में है। इस सिस्टम में टोल प्लाजा पर कोई बैरियर या गेट नहीं होगा। गाड़ियां बिना रुके सीधे गुजर सकेंगी और FASTag अपने आप स्कैन हो जाएगा। ऐसे में विंडस्क्रीन पर टैग का सही तरीके से लगा होना बेहद जरूरी होगा।
नियम तोड़ने पर तुरंत कार्रवाई
नए नियम के तहत टोल प्लाजा पर ‘लूज टैग’ या ‘टैग-इन-हैंड’ पाए जाने पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। डिजिटल भुगतान को अमान्य कर दिया जाएगा और वाहन चालक से नकद या अन्य माध्यम से अधिक शुल्क लिया जाएगा। साथ ही संबंधित बैंक द्वारा FASTag को ब्लॉक किया जा सकता है, जिससे आगे किसी भी टोल पर उसका उपयोग संभव नहीं रहेगा।