FASTag Wrong Deduction Refund : अगर आपकी गाड़ी घर या पार्किंग में खड़ी है और इसके बावजूद FASTag से टोल टैक्स कटने का मैसेज आ जाता है, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। कई बार तकनीकी गड़बड़ी या गलत जानकारी दर्ज होने के कारण ऐसी समस्या हो सकती है। कुछ मामलों में टोल प्लाजा पर वाहन का FASTag स्कैन नहीं हो पाता और ऑपरेटर मैनुअल तरीके से जानकारी दर्ज करता है। इस दौरान गाड़ी का नंबर गलत भरने पर किसी दूसरे वाहन के FASTag से पैसे कट सकते हैं। तय रकम से ज्यादा टोल कटने की शिकायतें भी सामने आती हैं।
सबसे पहले ये जानकारी रखें तैयार
FASTag से गलत पैसे कटने पर शिकायत करने से पहले कुछ जरूरी जानकारियां अपने पास रख लें। इनमें गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर, FASTag आईडी, टोल प्लाजा का नाम, कटौती की तारीख और समय शामिल हैं। इसके अलावा ट्रांजैक्शन आईडी और बैंक से आए पैसे कटने के मैसेज का स्क्रीनशॉट भी संभालकर रखें। शिकायत दर्ज कराते समय ये जानकारियां देने से संबंधित एजेंसी को लेनदेन की पहचान करने और जांच करने में आसानी होगी।
1033 पर कॉल करके दर्ज कराएं शिकायत
गलत टोल कटौती की शिकायत के लिए आप नेशनल हाईवे हेल्पलाइन नंबर 1033 पर कॉल कर सकते हैं। कॉल पर ऑपरेटर को बताएं कि आपकी गाड़ी टोल प्लाजा से नहीं गुजरी, लेकिन FASTag से पैसे कट गए हैं। इसके बाद वाहन और ट्रांजैक्शन से जुड़ी जानकारी दें। शिकायत दर्ज होने पर मिलने वाला शिकायत नंबर जरूर नोट कर लें। आगे मामले की स्थिति जानने के लिए यह नंबर काम आ सकता है।
ईमेल से भी कर सकते हैं शिकायत
अगर आप फोन के बजाय ईमेल से शिकायत करना चाहते हैं, तो इंडियन हाईवे मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (IHMCL) को अपनी शिकायत भेज सकते हैं। इसके लिए [email protected] ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया जा सकता है। ईमेल में गाड़ी का नंबर, FASTag आईडी, टोल प्लाजा का नाम, ट्रांजैक्शन आईडी और कटौती का समय लिखें। साथ में बैंक से आए मैसेज का स्क्रीनशॉट भी लगाएं, ताकि गलत कटौती की जानकारी स्पष्ट हो सके।
ये भी पढ़ें : Airtel ने 9 दिन में पलटी बाजी! Jio को पछाड़ बनी देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी, जानिए कितनी बढ़ी दौलत
बैंक के ऐप से ऐसे उठाएं विवाद
FASTag जिस बैंक ने जारी किया है, उसके मोबाइल ऐप या इंटरनेट बैंकिंग से भी शिकायत की जा सकती है। इसके लिए सबसे पहले ऐप खोलकर Transaction History यानी लेनदेन का रिकॉर्ड देखें। गलत कटौती वाले ट्रांजैक्शन को चुनें। इसके बाद Dispute या Report Issue का विकल्प उपलब्ध हो तो उस पर क्लिक करें। मांगी गई जानकारी भरकर शिकायत जमा कर दें। बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करके भी शिकायत की प्रक्रिया पूछ सकते हैं।
48 घंटे से 7 दिन में मिल सकते हैं पैसे
शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित एजेंसी और FASTag जारी करने वाला बैंक ट्रांजैक्शन की जांच करते हैं। अगर जांच में गलत कटौती की पुष्टि होती है, तो रकम वापस की जा सकती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, रिफंड में 48 घंटे से लेकर 7 दिन तक का समय लग सकता है। पैसा FASTag वॉलेट या उससे जुड़े खाते में वापस आ सकता है। हालांकि, रिफंड का समय जांच और संबंधित बैंक की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।