Fazilnagar Renamed Pava Nagari: उत्तर प्रदेश सरकार ने कुशीनगर जिले के फाजिलनगर का नाम बदलकर पावा नगरी रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद में भगवान पार्श्वनाथ जी की मूर्ति स्थापना कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह स्थान भगवान महावीर के महापरिनिर्वाण से जुड़ा है, इसलिए इसका पारंपरिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत विशेष है। योगी ने कहा कि प्रदेश की धरती जैन तीर्थंकरों की पावन स्थली रही है और इसी विरासत को सम्मान देने के लिए यह निर्णय लिया जा रहा है।
जैन विरासत को सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि प्रथम जैन तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव सहित कई जैन तीर्थंकरों का जन्म यहां हुआ। अयोध्या में चार जैन तीर्थंकर और काशी में भी चार जैन तीर्थंकर अवतरित हुए थे। उन्होंने बताया कि हाल ही में श्रावस्ती में भगवान संभवनाथ जी के जन्मस्थल पर भी उन्होंने दर्शन किए। सीएम योगी के अनुसार, भारत की आध्यात्मिक परंपरा और ऋषियों–मुनियों की तपस्या विश्व मानवता के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रही है, और प्रदेश सरकार इसी विरासत को संरक्षित करने की दिशा में निरंतर कदम बढ़ा रही है।
यह भी देखेंःBig revelation in Faridabad: आतंकी डॉक्टर मुजम्मिल के तीन ठिकाने उजागर, खेतों में छिपा रखा था विस्फोटक
अयोध्या में राम मंदिर का वैभव
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में अयोध्या के भव्य राम मंदिर का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व राम मंदिर निर्माण की पूर्णाहुति के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भव्य भगवा ध्वज का आरोहण किया गया, जो पूरे देश और दुनिया के लिए भारत की सनातन परंपरा के गौरव का प्रतीक है। योगी ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक संपदा आज वैश्विक स्तर पर सम्मान पा रही है, और ऐसे निर्णय इसे और सशक्त करते हैं।