मेरठ में ऑनलाइन जुए में लाखों रुपये हार चुका सिपाहीअपनी हेड कांस्टेबल पत्नी की उत्पीड़न कर रहा है और 25 लाख रुपये की मांग कर रहा है। विरोध करने पर सिपाही पीड़िता के साथ के मारपीट भी करता है। आरोप है कि पति की दूसरी महिला से भी संबंध में है। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विरोध करने पर सागर मारपीट करता है
एसएसपी डा. विपिन ताडा को दिए शिकायती पत्र में हेड कांस्टेबल प्रियंका ने बताया है कि वह पुलिस लाइन में सात साल की बेटी के साथ रहती है। उसकी वर्ष 2011 में बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद निवासी सिपाही सागर से शादी हुई थी। सागर भी पुलिस विभाग में सिपाही है। प्रियंका का आरोप है कि सागर शराब, ऑनलाइन जुआ और सट्टे खेलने का आदि है। इस लत के कारण वह अब तक 50 लाख रुपये से अधिक जुए में गंवा चुका है, जिसमें उसका वेतन, प्रियंका की कमाई और बचत भी शामिल है। आरोप है कि विरोध करने पर सागर मारपीट करता है।
लाखों रुपये का कर्ज भी ले रखा है
सागर ने कई लोगों से लाखों रुपये का कर्ज भी ले रखा है। उधार देने वाले अक्सर उनके पुलिस लाइन स्थित आवास पर आकर बदसलूकी करते हैं और धमकी देते हैं। आरोप है कि सागर ड्यूटी से लगातार गैरहाजिर रहता है। प्रियंका ने बताया, 3 जून 2023 को सागर टीपी नगर थाने पर एक सुसाइड नोट छोड़कर भाग गया था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि सागर के परतापुर निवासी एक महिला से संबंध हैं। इसका विरोध करने पर भी वह उसके साथ मारपीट करता है। आरोप है कि सागर, उसके पिता, भाई, भाभी और बहन मिलकर 25 लाख रुपये देने का दबाव बना रहे हैं, ताकि सागर का कर्ज चुकाया जा सके। रुपये न देने पर उन्हें तलाक देने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला ने बताया, एसएसपी के आदेश पर सिपाही सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।