ग्रेटर नोएडा। दिल्ली से ग्रेटर नोएडा लौट रही जानी-मानी महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर के साथ सड़क पर उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवकों ने डीएनडी फ्लाईओवर से लेकर परी चौक तक करीब 27 किलोमीटर तक उनकी बीएमडब्ल्यू कार का पीछा किया। इस दौरान बार-बार ओवरटेक करने की कोशिश की गई और चलती कार की खिड़की से लटककर अश्लील इशारे किए गए।
पति को फोन कर दी जानकारी
घटना से घबराई महिला ने तुरंत अपने पति को फोन कर पूरी बात बताई। घर पास होने के कारण पति मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान आरोपी भी वहीं खड़े रहे और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई।
पुलिस ने दी चेतावनी, शिकायत नहीं दर्ज
सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेने की तैयारी की, लेकिन महिला ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
महिला के पति ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। महिला के इंस्टाग्राम पर 57 लाख और पति के 20 लाख से अधिक फॉलोवर्स हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।