Bulandshahr News: बुलंदशहर के थाना छतारी क्षेत्र के गांव कीरतपुर में डेंगू का कहर लगातार जारी है। गांव में पिछले मात्र 20-25 दिनों में डेंगू बुखार से चौथी मौत होने की पुष्टि हुई है। रहस्यमय बुखार और डेंगू के प्रकोप के चलते 100 से अधिक ग्रामीण बीमार बताए जा रहे हैं, जिनमें 10 लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
कीरतपुर ग्राम प्रधान का कहना है कि सिर्फ 20–25 दिनों में डेंगू बुखार से 4 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि अन्य बीमारियों के चलते 3 लोगों की मौत हुई है। यानी लगभग तीन सप्ताह में कुल 7 मौतों से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम सही तरीके से इलाज नहीं कर रही, और न ही गांव में किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई देखने को मिली है।
किसी भी वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने गांव का दौरा नहीं किया
लोगों का कहना है कि अब तक किसी भी वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने गांव का दौरा तक नहीं किया, जिसके कारण बीमारी अनियंत्रित होती जा रही है। गांव में लगातार बढ़ती मौतों के बीच बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी गंभीर स्थिति होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं निभा रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि लापरवाही के चलते हालात और भयावह हो रहे हैं, जबकि गांव को त्वरित चिकित्सा सहायता और फॉगिंग, दवा छिड़काव जैसी आवश्यक सुविधाओं की सख्त जरूरत है।
डेंगू से 4 लोगों की मौत की पुष्टि
ग्रामीण रामभूल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से लापरवाही पूर्ण रवैया अपनाये हुए है। ना तो गांव में कोई शिविर लगाया है ना ही कोई बड़ा अधिकारी गांव में आया है। मनोज सिंह ने बताया कि गांव में डेंगू से 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है लेकिन अभी तक एंटी लार्वा नही छिड़का गया है। विमल कुमार ने बताया कि अन्य बुखार से भी 3 लोगो की मौत हो चुकी है। विभाग को चाहिए कि जल्द से जल्द उचित उपचार की व्यवस्था गांव में करवाएं।