राजधानी भोपाल ने सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में हिंदी फिल्म “मेरा घर” का भव्य मुहूर्त संपन्न हुआ। फिल्म का शुभारंभ पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा व मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा संपन्न हुआ। निर्देशक नृपेन जे. जी. मोहला और निर्माता कृष्णा शर्मा की यह फिल्म पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक रिश्तों और भावनात्मक ताने-बाने से बुनी गई है, जिसकी शूटिंग भोपाल और आसपास के लोकेशनों पर की जाएगी।
"ओटीटी पर रिस्क लेने की आज़ादी है" — अरबाज़ खान
मुहूर्त के मौके पर अभिनेता अरबाज़ खान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "ओटीटी ने रचनात्मकता को विस्तार दिया है। यहां कहानियों को नए ढंग से कहने की आज़ादी है। रिस्क लेने की स्पेस है। दर्शक जब थिएटर में पैसे देकर जाते हैं, तो अपेक्षा बहुत होती है, लेकिन ओटीटी पर एक्सेप्टेंस ज्यादा है।" उन्होंने बताया कि भोपाल में उन्होंने पहले भी "पटना शुक्ला" की शूटिंग की थी, और यहां का माहौल शूटिंग के लिए हमेशा सहयोगी रहा है।
"फैमिली फिल्में आज भी उतनी ही ज़रूरी हैं" — संजय कपूर
अभिनेता संजय कपूर ने भावुक अंदाज़ में कहा, "तीस साल पहले मेरी चार फिल्में एक साथ रिलीज़ हुई थीं। आज फिर दर्शकों के सामने खड़ा हूं, तो मन गर्व से भर जाता है। 'राजा' जैसी फैमिली फिल्म उस दौर में भी चली और आज भी ऐसे विषय लोगों से जुड़ते हैं।" उन्होंने अपनी फिल्म ‘प्रेम’ का ज़िक्र करते हुए कहा, "वो फिल्म भले न चली हो, लेकिन उससे मुझे सबसे ज़्यादा लगाव है। ओटीटी ने हमें री-डिस्कवर करने का प्लेटफ़ॉर्म दिया है। वहीं विद्या मालवड़े ने बताया कि "मैं अब ऐसे किरदार निभाना चाहती हूं जिनमें सच्चाई हो, जो रिश्तों की कहानी कहें। क्राइम और थ्रिल से भरे कंटेंट से एक थकान होती है। अब दिल से जुड़ने वाली कहानियों का समय है।"