UP News: यूपी विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना 11 फरवरी को दोपहर बाद सदन में यह बजट पेश करेंगे। इस बार का बजट पूरी तरह से योगी सरकार की मूल थीम 'विरासत और विकास' पर केंद्रित होगा, जो प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करते हुए आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का संकल्प लेकर आ रहा है।
उत्तर प्रदेश को विकास की नई गति प्रदान की
योगी सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश को विकास की नई गति प्रदान की है। अब यह बजट उस विरासत को और मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य के लिए ठोस आधार तैयार करने वाला माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बजट में सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा, कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर रहेगा। अयोध्या, वाराणसी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज जैसी तीर्थ नगरीयों के साथ-साथ बुंदेलखंड, पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संतुलित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर भी बड़ा फोकस
सरकार का मानना है कि सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक प्रगति एक-दूसरे के पूरक हैं। इसी सोच के तहत बजट में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अन्य धार्मिक-पर्यटन स्थलों के आसपास के क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की घोषणाएं संभावित हैं। साथ ही, युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप को प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण, किसानों के लिए नई योजनाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर भी बड़ा फोकस रहने की उम्मीद है।
बजट पर विस्तृत चर्चा होगी
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने संकेत दिए हैं कि यह बजट 'समावेशी विकास' और 'सशक्त उत्तर प्रदेश' के विजन को और मजबूत करेगा। विधानसभा सत्र के दौरान बजट पर विस्तृत चर्चा होगी, जिसमें विपक्ष भी अपनी प्रतिक्रिया देगा। लेकिन योगी सरकार का स्पष्ट संदेश है कि यह बजट केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक समृद्धि को एक साथ जोड़ने वाला दस्तावेज होगा। उत्तर प्रदेश अब विकास के नए अध्याय की ओर बढ़ रहा है, जहां विरासत गौरव का प्रतीक बनेगी और विकास उस गौरव को नई ऊंचाई देगा।