Welcome To The Jungle: अक्षय कुमार की मल्टी-स्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' काफी सालों से बन रही थी, जो अब जाकर थिएटर्स में रिलीज हो गई है। इस फिल्म को अहमद खान ने डायरेक्ट किया है। जब इस फिल्म की घोषणा हुई थी, तो दर्शकों के मन में डायरेक्टर को लेकर थोड़ा शक था, क्योंकि उनका पिछला ट्रैक-रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा था। लेकिन जब कोई उम्मीद ना हो और फिल्म देखने के बाद एक बड़ा सरप्राइज मिले, तो वह अपने आप में एक थ्रिलिंग एक्सपीरियंस बन जाता है। तो आइए जानते हैं 32 सितारों से सजी इस फिल्म ने किस तरह सरप्राइज किया।
फिल्म में हैं 32 कलाकार
आपको बता दें कि इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, परेश रावल, अरशद वारसी, राजपाल यादव, दिशा पाटनी, जाकिर हुसैन, श्रेयस तलपड़े, जॉनी लीवर जैसे 32 कलाकार है। लेकिन फिर भी इस फिल्म से लोग कुछ खास उम्मीद नहीं लगा रहे थे, क्योंकि इसके पीछ दो कारण हैं। पहला इसका ट्रेलर, जिसने लोगों को काफी निराश किया था, जिससे इसे लेकर एक्साइटमेंट कम हो गई थी। वहीं दूसरा कारण फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान, जिनकी पिछली फिल्म 'हीरोपंती 2' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी शुरू होती है एक अरबपति बिजनेसमैन काजा (जाकिर हुसैन) से, जो भारत में अपनी काली कमाई के दम पर ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहा है। एक दिन उसे खबर मिलती है कि उस पर इनकम टैक्स की रेड पड़ने वाली है। ऐसे में काली कमाई को ठिकाने लगाने के लिए वह अपने मैनेजर दुबे (जॉनी लीवर) के साथ मिलकर ₹2000 करोड़ की एक फ्लॉप फिल्म बनाने का अजीबोगरीब प्लान तैयार करता है।
फिल्म का नाम है 'वेलकम टू द जंगल'
इसके लिए वह देव (परेश रावल) और दास (राजपाल यादव) जैसे दो फ्लॉप डायरेक्टर्स और नयनसुख (श्रेयस तलपड़े) जैसे आधे-अंधे कैमरामैन को हायर करता है। देव और दास के पास एक स्क्रिप्ट होती है, जिसका नाम है– 'वेलकम टू द जंगल'। इस फिल्म के लिए वो एक फ्लॉप हीरो राजीव (अक्षय कुमार) को कास्ट करते हैं। इस फिल्म में येड़ा शेट्टी अन्ना (सुनील शेट्टी) और रोमियो भाई (अरशद वारसी) जैसे डॉन की एंट्री होती है। जो दरअसल उदय-मजनू के कजिन हैं।
यह भी पढ़ें: 'ऑब्सेशन' ने भारत में मचाया धमाल, टॉप हॉलीवुड हिट बनने पर 26 साल के डायरेक्टर को नहीं हुआ यकीन
फिल्म को फ्लॉप करने का पूरा प्लान बना लेता
इस फिल्म में नादिया (दिशा पाटनी) को बतौर हीरोइन कास्ट किया जाता है, जो राजीव की गर्लफ्रेंड भी है। फिल्म में सिर्फ यही नहीं, बल्कि टीवी, भोजपुरी और पंजाबी सिनेमा के कई एक्टर्स को कास्ट किया जाता है। बिजनेसमैन काजी अपनी फिल्म को फ्लॉप करने का पूरा प्लान बना लेता है, लेकिन पासा तब पलट जाता है जब इनकम टैक्स की रेड में उसके सारे पैसे जब्त हो जाते हैं और वह पूरी तरह कंगाल हो जाता है।
क्या 'वेलकम टू द जंगल'हीट होगी?
अब उसे ये फिल्म किसी भी हाल में हीट चाहिए होती है। जिसके लिए पूरी टीम एक रियल लोकेशन में जाकर असली लोगों के बीच शूटिंग करती है। जहां उनका सामना असली आतंकवादी जतारा (जैकी श्रॉफ) से होता है। इसके बाद असली कहानी और कॉमेडी का सफर शुरू होता है। अब क्या ये फ्लॉप फिल्म वेलकम टू द जंगल पूरी बन पाएगी? यही इसका बेसिक प्लॉट है।
डायरेक्टर की होगी तारीफ
डायरेक्टर अहमद खान की पिछली फिल्म फ्लॉप होने की वजह से उनको लेकर जो सवाल उठ रहे थे, ऐसा लगता है कि उन्होंने उन सवालों को इस फिल्म से दूर कर दिया। उन्होंने इस फिल्म हर एक्टर्स से कुछ न कुछ ऐसा कराया है, जिसे देखकर दर्शकों को मजा जरूर आएगा। इस 2 घंटे 45 मिनट की फिल्म को उन्होंने काफी अच्छी तरह से संभालकर रखा। इस फिल्म में रवीना टंडन भी है, जो करीब 20 साल बाद अक्षय कुमार के सात स्क्रीन स्पेस शेयर करती नजर आईं।
दिमाग को घर पर छोड़कर जाएं फिल्म देखने
अगर आप एक फैमिली-कॉमेडी फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं तो वेलकम टू द जंगल आपकी लिस्ट में जरूर आ सकती है। 'वेलकम टू द जंगल' एक ऐसी फिल्म है जिसे देखने के लिए आपको अपने दिमाग को घर पर छोड़कर जाना होगा। अगर आप बिना किसी लॉजिक के सिर्फ एंटरटेनमेंट और ठहाके लगाने के मूड से थिएटर्स में जाते हैं, तो यह फिल्म आपको बिल्कुल निराश नहीं करेगी।