
Fire breaks out in Taj Mahal: आगरा के ताजमहल परिसर में सोमवार देर शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह आग दक्षिणी गेट के पास इलेक्ट्रिक लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। कुछ ही मिनटों में वहां धुआं फैल गया, जिससे मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग पर जल्द काबू पा लिया गया।
बंद हुई बिजली सप्लाई
जैसे ही धुआं उठता दिखा, ASI कर्मियों ने तुरंत टोरेंट पावर कंपनी को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने फौरन बिजली सप्लाई बंद कर दी और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। गनीमत रही कि आग दक्षिणी गेट के पास लगी, जहां 2018 से पर्यटकों का प्रवेश बंद है। इस वजह से किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ और हालात कुछ ही देर में सामान्य कर दिए गए।
वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ताजमहल के दक्षिणी गेट के पास से हल्का धुआं उठता दिखाई दे रहा है। वीडियो देखने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और स्मारक को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची है। फिलहाल, परिसर की सुरक्षा और बिजली व्यवस्था की पूरी जांच की जा रही है।