Bulandshahr News: खुर्जा नगर में जन्मदिन की पार्टी उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गई, जब केक लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। जिम के अंदर हुई इस घटना में गोलियां चल गईं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए
जानकारी के अनुसार खुर्जा नगर क्षेत्र स्थित एक जिम में कुछ युवक जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले यह विवाद मजाक तक सीमित था, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
अचानक फायरिंग शुरू हो गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस के दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनते ही जिम और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग में तीन युवकों को गोली लग गई, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। बाद में जनपद के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी फोर्स तैनात कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
शहर में दहशत और शोक का माहौल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। खुर्जा में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामूली बात पर तीन जिंदगियां खत्म हो जाने से पूरे शहर में दहशत और शोक का माहौल है।