मुंबई के जुहू इलाके में रहने वाले मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर कथित तौर पर फायरिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने उनके आवास के बाहर कई राउंड फायर किए, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एहतियातन रोहित शेट्टी की बिल्डिंग के आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
आधी रात के बाद हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार देर रात की है। फायरिंग की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। सोशल मीडिया पर घटनास्थल से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पुलिस की गाड़ियां और बैरिकेडिंग देखी जा सकती है। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसे दहशत फैलाने की कोशिश माना गया था। इसी वजह से इस ताजा मामले को भी सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं।
एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर हैं रोहित शेट्टी
वर्कफ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी हिंदी सिनेमा के सबसे सफल निर्देशकों में गिने जाते हैं। उन्हें खास तौर पर एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए जाना जाता है। सिंघम, सिंबा, गोलमाल सीरीज, चेन्नई एक्सप्रेस, दिलवाले जैसी कई हिट फिल्में उनके नाम दर्ज हैं। फिल्मों में जबरदस्त स्टंट और उड़ती गाड़ियों का अंदाज उनकी पहचान बन चुका है।