Harley Sprint 440: हार्ले-डेविडसन (Harley-Davidson) जल्द ही अपनी सबसे किफायती क्रूजर बाइक Harley Sprint 440 को पेश करने की तैयारी में है। यह बाइक लॉन्च से ठीक पहले बिना किसी कवर के सड़क पर नजर आ गई है। रेडिट पर 'एक्स्ट्रीम अंकित' नाम के एक यूजर ने इस बाइक की एक तस्वीर को शेयर किया है। जिसमें Harley Sprint 440 किसी फैक्ट्री में खड़ी नज़र आ रही है।
डिजाइन और लुक
नई Sprint 440 का लुक कंपनी की मौजूदा X440 से काफी अलग है। इसे पूरी तरह से एक पारंपरिक क्रूजर बाइक का रूप दिया गया है। बाइक में गोल आकार का आकर्षक फ्यूल टैंक दिया गया है, जो हार्ले की बड़ी क्रूजर बाइक्स की याद दिलाता है। इसके पीछे एक आरामदायक सिंगल-पीस स्कूप्ड सीट मिलती है। इसका हैंडलबार थोड़ा ऊंचा और पीछे की तरफ झुका हुआ है, जिससे लंबी दूरी के सफर में थकान नहीं होगी और राइडिंग पोजीशन बेहद आरामदायक रहेगी।
इंजन और ताकत
इस बाइक में 440cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-ऑयल-कूल्ड इंजन मिलने की उम्मीद है, जिसका इस्तेमाल हार्ले-डेविडसन X440 में भी किया जाता है। यह इंजन लगभग 27 bhp की पावर और 38 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। बेहतर गियरशिफ्ट और राइडिंग के लिए इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया जा सकता है।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग
बाइक के फ्रंट में अपसाइड डाउन फोर्क्स और पीछे की तरफ टि्वन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। सुरक्षा का ध्यान में रखते हुए इसके आगे और पीछे दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक के साथ एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) मिलने की उम्मीद है।
कब होगी लॉन्च और कीमत
कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक लॉन्च तारीख और कीमत की घोषणा नहीं की है। लेकिन माना जा रहा है कि इस जल्द ही भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। कीमत की बात करें, तो कंपनी इस बाइक को 2.40 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च कर सकती है। यह हार्ले की सबसे किफायती क्रूजर बाइक्स में से एक हो सकती है।