
Indian Railway Kashmir Valley: भारत के रेल इतिहास में 9 अगस्त 2025 का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। पहली बार किसी मालगाड़ी ने कश्मीर घाटी तक सफलतापूर्वक यात्रा पूरी की। पंजाब के रूपनगर से रवाना हुई यह ट्रेन 1400 टन सीमेंट लेकर अनंतनाग गुड्स शेड पहुंची। 600 किलोमीटर का यह सफर 18 घंटे से भी कम समय में तय किया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से कश्मीर घाटी में आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार की नई शुरुआत हो गई है।
सीमेंट से लदी पहली मालगाड़ी
इस उद्घाटन मालगाड़ी में 21 बीसीएन वैगन में भरकर 1400 टन सीमेंट लाया गया। इस सीमेंट का उपयोग घाटी में सड़कों, पुलों, सार्वजनिक भवनों और आवासीय परियोजनाओं के निर्माण में किया जाएगा। इससे न केवल विकास परियोजनाओं में तेजी आएगी बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार होगा।
तेज और सुरक्षित सफर
7 अगस्त की रात को इस यात्रा के लिए लॉजिस्टिक प्रक्रिया शुरू हुई। 8 अगस्त को शाम 6:55 बजे पंजाब के रूपनगर से ट्रेन रवाना हुई और 9 अगस्त को 18 घंटे से भी कम समय में अनंतनाग पहुंच गई। इसे आधुनिक इलेक्ट्रिक WAG-9 लोकोमोटिव द्वारा खींचा गया, जो रेलवे नेटवर्क की उन्नत क्षमताओं को दर्शाता है।
आर्थिक विकास का नया अध्याय
मालगाड़ी से कश्मीर घाटी में सामान की आपूर्ति सस्ती और तेज होगी, जिससे स्थानीय कारोबार को मजबूती मिलेगी। सीमेंट से बनने वाले ढांचे से 42 किलोमीटर लंबी बाउंड्री वाल जैसी परियोजनाएं भी साकार होंगी। यह उपलब्धि एकीकृत और समृद्ध कश्मीर की दिशा में बड़ा कदम है।