राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) ने प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया है। चयनित अभ्यर्थी 27 अगस्त से चार सितंबर 2026 तक संबंधित आईटीआई में प्रवेश ले सकेंगे। अवकाश के दिनों में भी दाखिले की प्रक्रिया जारी रहेगी।
पाठ्यक्रमों के लिए परिणाम जारी किया
विशेष सचिव व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा एससीवीटी के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छह माह, एक वर्षीय और दो वर्षीय पाठ्यक्रमों के लिए परिणाम जारी किया गया है। अभ्यर्थी एससीवीटी की वेबसाइट पर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर परिणाम देख सकते हैं। चयन होने पर बुलावा पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट लिया जा सकेगा। मोबाइल पर एसएमएस से भी सूचना भेजी जा रही है।
अपग्रेडेशन के लिए फ्रीज या फ्लोट विकल्प चुनना होगा
चयनित अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र, मूल प्रमाण-पत्र, अंकपत्रों की प्रतियां, एक-एक प्रमाणित प्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर संस्थान के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा। प्रवेश के दौरान अपग्रेडेशन के लिए फ्रीज या फ्लोट विकल्प चुनना होगा। चयन न होने वाले अभ्यर्थियों को अपनी रैंक दिखाई देगी और अगले चरण की प्रक्रिया का इंतजार करना होगा। जानकारी के लिए हेल्पडेस्क नंबर 0522-4150500 और 7897992063 पर संपर्क किया जा सकता है।