देश की पहली वंदे भारत स्लीपर क्लास ट्रेन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि यह ट्रेन कोलकाता और गुवाहाटी के बीच चलाई जाएगी। लॉन्च अगले 15 से 20 दिनों के भीतर होने की उम्मीद है और संभावित तारीख 18 या 19 जनवरी बताई जा रही है। ट्रेन की टेस्टिंग और सेफ्टी सर्टिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है। रेलवे की ओर से कहा गया है कि अंतिम तारीख की घोषणा अगले कुछ दिनों में की जाएगी। यह पहली बार होगा जब वंदे भारत ट्रेन स्लीपर क्लास के साथ लंबी दूरी की यात्रा के लिए शुरू होगी।
किराया हवाई सफर से काफी सस्ता
रेलवे ने इस स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का संभावित किराया भी तय कर लिया है। थर्ड एसी का किराया खाने के साथ करीब 2300 रुपये रहने की उम्मीद है। सेकेंड एसी का किराया लगभग 3000 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया करीब 3600 रुपये हो सकता है। रेल मंत्री ने साफ कहा है कि यह किराया आम यात्रियों को ध्यान में रखकर तय किया गया है। तुलना करें तो गुवाहाटी से हावड़ा तक हवाई यात्रा का किराया 6000 से 8000 रुपये तक पहुंच जाता है। ऐसे में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हवाई सफर का किफायती विकल्प बन सकती है।
ये भी पढ़ें : New Year की रात मातम में बदली, स्विट्जरलैंड के Crans-Montana बार में विस्फोट, जश्न में डूबे लोग चपेट में
लंबी दूरी के लिए खास डिजाइन
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को खासतौर पर रात की लंबी यात्राओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें एडवांस सेफ्टी सिस्टम लगाए गए हैं जिससे यात्रियों की सुरक्षा और मजबूत होगी। ट्रेन का सस्पेंशन सिस्टम पहले से बेहतर बनाया गया है ताकि सफर ज्यादा आरामदायक रहे। यह ट्रेन एनर्जी एफिशिएंट है और इसका एरोडायनामिक डिजाइन तेज रफ्तार के साथ स्थिरता भी बनाए रखेगा। रेलवे का दावा है कि स्लीपर वर्जन में यात्रियों की सुविधाओं को अपग्रेड किया गया है ताकि लंबी दूरी की यात्रा थकाऊ न लगे और आरामदायक अनुभव मिले।
खाने में मिलेगा क्षेत्रीय स्वाद
इस स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों को सिर्फ तेज और सुरक्षित सफर ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय स्वाद का भी अनुभव मिलेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ट्रेन में मेहमाननवाजी का खास ध्यान रखा जाएगा। गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों को असम के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। वहीं कोलकाता से चलने वाली ट्रेनों में बंगाली खाने का स्वाद मिलेगा। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रा सिर्फ सफर नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अनुभव भी बनेगी। यह पहल यात्रियों को देश की विविधता से जोड़ने की दिशा में एक नया कदम मानी जा रही है।