
गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जमसड़ा गांव में इन दिनों अजब नजारा देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के बाद यहां के हैंडपंप और ट्यूबवेल से अचानक मछलियां निकलने लगी हैं। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। गांव के निवासी नंदू कुशवाहा बताते हैं कि उन्होंने करीब 25-30 साल पहले ट्यूबवेल लगाया था और 5 अक्टूबर की सुबह जब पानी चलाया, तो करीब सवा किलो मछलियां -सिंघी, टेगना, गिरई और गोईजा-ट्यूबवेल के साथ बाहर निकल आईं।
20-25 घरों में पानी दूषित हो गया
इसी तरह, गांव की सीता कुशवाहा और प्रमिला देवी के हैंडपंप से भी मछलियां निकलने की घटना सामने आई। प्रमिला देवी ने बताया कि जब वो नहाने गईं तो उनके हैंडपंप से तीन छोटी मछलियां बाल्टी में आ गईं। वहीं चंपा देवी ने बताया कि उनके हाथ पर मछली निकल आई, जिसे देख वो दंग रह गईं। ग्रामीणों के मुताबिक, 4 अक्टूबर को हुई मूसलाधार बारिश के बाद गांव के करीब 20-25 घरों में पानी दूषित हो गया है।
आरओ का पानी मंगाने को मजबूर
पानी पीला और बदबूदार है, जिसे पालतू जानवर भी पीने से इनकार कर रहे हैं। अब ग्रामीण खाना बनाने और पीने के लिए आरओ का पानी मंगाने को मजबूर हैं। वहीं इस अनोखी घटना को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच रहे हैं। हर कोई इस करिश्मे को देखकर हैरान है कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है कि हैंडपंप से मछलियां निकलें। इस पूरे मामले पर खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद ने कहा कि यह जलकल विभाग का मामला प्रतीत होता है और जल्द ही जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। फिलहाल, प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं, लेकिन ग्रामीणों के बीच यह घटना कौतूहल का विषय बनी हुई है। कोई इसे प्रकृति का करिश्मा बता रहा है, तो कोई इसे जलस्रोतों के आपसी मिलान का नतीजा मान रहा है।