Five Day Banking Saturday Holiday : बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही सप्ताह में पांच दिन कामकाज की मांग अब बातचीत के अगले चरण में पहुंच गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से गठित उच्चस्तरीय समिति की पहली बैठक 1 अक्टूबर को हुई। इसमें सभी शनिवार को छुट्टी करने के प्रस्ताव पर आगे बातचीत के लिए आमने-सामने बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी है।
5 दिन की बैंकिंग पर पहली बैठक
पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था को लेकर 12 सदस्यों वाली उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है। इसका गठन 29 सितंबर को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक यूनियनों के बीच हुई सहमति के बाद किया गया था। 1 अक्टूबर को समिति की पहली बैठक हुई, जिसमें सप्ताह में पांच दिन बैंक शाखाएं खोलने के प्रस्ताव पर आगे की बातचीत का रास्ता तैयार किया गया।
आमने-सामने बैठक पर बनी सहमति
बैंक यूनियनों का कहना है कि केवल समिति का गठन होने से पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू नहीं हो जाएगी। इसके लिए बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर विस्तार से चर्चा जरूरी है। इसी वजह से यूनियनों ने पूरे दिन की आमने-सामने बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा था। समिति ने जल्द ऐसी बैठक बुलाने पर सहमति जताई है। आगे का फैसला बातचीत के बाद सामने आएगा।
ये भी पढ़ें : CEC के खिलाफ दिल्ली-मुंबई में प्रदर्शन, Neha Bora समेत सैकड़ों हिरासत में; जानें पूरा मामला
अभी महीने में इतने शनिवार छुट्टी
फिलहाल बैंक हर रविवार के अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। वहीं पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक शाखाएं खुली रहती हैं। ऐसे में जिन ग्राहकों को बैंक शाखा में जाकर काम कराना होता है, उन्हें खुले शनिवार के हिसाब से अपनी योजना बनानी पड़ती है।
लागू हुआ तो हर शनिवार छुट्टी
अगर पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था पर सहमति बनती है और इसे लागू किया जाता है, तो बैंक शाखाओं में सोमवार से शुक्रवार तक काम होगा। सभी शनिवार को छुट्टी रहेगी। इससे ग्राहकों के लिए बैंकिंग समय-सारणी में बदलाव आएगा, जबकि कर्मचारियों को हर सप्ताह दो दिन का नियमित अवकाश मिलेगा। हालांकि, अभी यह प्रस्ताव विचार और बातचीत के चरण में है, इसलिए शनिवार की छुट्टी को लेकर अंतिम फैसला होना बाकी है।