मेरठ। दस दिन पहले मुंडाली कस्बे में सर्राफ के परिवार को बंधक बनाकर डाका डालने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को अपनी गिरफ्त में लेने के बाद पुलिस ने एक महिला समेत दो अन्य को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से दो लाख के जेवर व एक लाख की नकदी बरामद की है। अभी तीन बदमाश फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीआईजी एवं एसएसपी डा.विपिन ताडा ने बताया, 20 जनवरी को मुंडाली कस्बे के मोहल्ला भूड़वाला निवासी सर्राफ जहांगीर के परिवार को बंधक पर बदमाशों ने डकैती डाली थी।
वारदात के राजफाश के लिए एसपी देहात अभिजीत कुमार के नेतृत्व में चार टीमें गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली थी कि वारदात में गांव का एक व्यक्ति शामिल है। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया था। उन्होंने बताया, गुरुवार रात एसपी देहात के सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल दो बदमाश बाइक से कोल चौराहे की तरफ आने वाले है। सूचना के आधार पर मुंडली थाना प्रभारी रामगोपाल सिंह, खरखौदा थाना प्रभारी राजपाल सिंह और स्वाट टीम प्रभारी शैलेश तोमर को टीम के साथ चेकिंग के लिए लगाया गया था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों को पुलिस टीम ने रोकने के प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश नासिर उर्फ आशिक निवासी पिपलेड़ा थाना धौलाना जिला हापुड़ व इकदाद निवासी नेकपुर थाना मुरादनगर जिला गाजियाबाद हाल पता लोनी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों से पूछताछ के बाद तीसरा बदमाश मोहिसन किठौर पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। तीनों बदमाशों को अपनी गिरफ्त में लेने के बाद पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। इनसे पूछताछ के बाद टीम ने दबिश देख कर एक महिला समेत दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया।
एसएसपी ने बताया, वारदात में आठ बदमाश शामिल थे। इनमें एक बदमाश पीड़ित का पड़ोसी है, जिसने रेकी करने के बाद गिरोह के एकत्र किया था। आरोपी महिला भी मुंडाली की है। महिला को डकैती के जेवर बेचने की जिम्मेदारी दी गई। लूट का कुछ माल महिला ने बागपत जिले के एक सर्राफ को बेचा था, जिसे बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया, आरोपियों से दो लाख के जेवर और एक लाख चार हजार बरामद किए गए है। नासिर के खिलाफ गाजियाबाद व हापुड़ में आठ और इकदाद पर गाजियाबाद व मेरठ में नौ मुकदमे दर्ज है। फरार बाकी आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।