देश में हर साल लाखों लोग फ्लाइट से यात्रा करते हैं. कोई विदेश यात्रा पर जाता है, तो कई ऐसे भी लोग हैं जो कि देश में हीं कहीं ना कहीं आते-जाते रहते हैं. वहीं फ्लाइट में सफर करने के कई नियम भी बनाए गए होते हैं. जो सभी लोगों को मानने होते हैं. इनमें कुछ नियम यात्रा के दौरान ले जाए जाने वाले सामान को लेकर भी हैं. यानी आप कौन सा सामान ले जा सकते हैं और कौनसा नहीं. आपको बता दें फ्लाइट में कुछ चीजें बिल्कुल भी ले जाने की इजाजत नहीं होती.
नियम केवल सुरक्षा नहीं, अंतरराष्ट्रीय कानूनों का हिस्सा भी
ये नियम केवल सुरक्षा को लेकर ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों का हिस्सा भी हैं. वहीं कई लोग अनजाने में ऐसी चीजें अपने सामान के साथ रख लेते हैं और फिर एयरपोर्ट पर फंस जाते हैं. अगर मामला गंभीर हो तो सीधे पुलिस केस बन जाता है. इसलिए बेहतर है कि आप पहले से समझ लें कि किन सामानों को लेकर जाने की मनाही है और उन्हें ले जाना आपको मुश्किल में डाल सकता है.
ये भी पढ़ें : Gold-Silver मार्केट में मंदी: कई शहरों में गिरावट, खरीददारों के लिए मौका
हथियार, गोला बारूद, तेज धार वाला सामान प्रतिबंधित
फ्लाइट में यात्रा के दौरान हथियार या उनसे जुड़ा कोई भी हिस्सा ले जाना सख्त प्रतिबंधित है. इसमें पिस्टल, राइफल, कारतूस, कटर, ब्लेड या तेज चाकू जैसी चीजें भी शामिल हैं. वहीं कई लोग ऐसा सोचते हैं कि छोटा पॉकेट नाइफ या मल्टी टूल चल जाएगा लेकिन यह भी खतरे की कैटेगरी में आता है. अगर आपके बैग में ऐसा कुछ मिलता है तो उसे तुरंत जब्त कर लिया जाएगा और गंभीर मामलों में पुलिस कार्रवाई भी हो सकती है. अगर आपको बिजनेस या लाइसेंस संबंधी कारणों से कोई सामान ले जाना जरूरी है. तो एयरलाइन से पहले ही इसके लिए परमिशन लेनी पड़ती है.
ज्वलनशील सामान, केमिकल और स्प्रे कैन पर बैन
वहीं बहुत से लोग भूल जाते हैं कि कई आम चीजें भी फ्लाइट में खतरनाक मानी जाती हैं. इनमें पेट्रोल, डीजल, लिक्विड गैस, पटाखे, कैमिकल क्लीनर, पेंट थिनर, परफ्यूम स्प्रे, हेयर स्प्रे और बड़े एयरोसोल कैन उड़ान के दौरान जोखिम बढ़ा देते हैं. वहीं प्रेशर के कारण यह सामान फट भी सकते हैं. इसी कारण इन सामानों को ले जाना पूरी तरह से बंद है. अगर आपके बैग में स्प्रे या कोई रासायनिक पदार्थ मिलता है तो उसे तुरंत रोक दिया जाएगा और अगर लिमिट ज्यादा हुई या किसी नियम का उल्लंघन माना गया तो मामला सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंच सकता है.
कैश, कीमती सामान और बैन जीव-जंतु
इसके अलावा फ्लाइट में बहुत ज्यादा कैश लेकर जाना भी आपके लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है. कई लोग बहुत ज्यादा कैश या बेहद कीमती सामान कैरी करने लगते हैं. जबकि एयरपोर्ट पर इसके लिए भी एक लिमिट तय होती है. अगर अमाउंट संदिग्ध लगती है तो कस्टम आपकी जांच कर सकता है और मामला कानूनी बन सकता है.
साथ ही दुर्लभ पशु-पक्षी, उनके अंग या उनसे बने कोई भी प्रोडक्ट ले जाना कानूनन अपराध माना जाता है. कई देशों में इसकी सजा सीधे जेल होती है. इसलिए अगर आप विदेशी यात्रा पर जा रहे हैं तो पहले से ये लिस्ट देख लें और सिर्फ वही चीजें कैरी करें जिनकी परमिशन हो.