
Delhi Flood News in Hindi: देश की राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार हालात पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है. उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। हर घंटे रिपोर्ट ली जा रही है। वहीं हथिनीकुंड बैराज के सभी गेट खोले गए हैं। प्रशासन के अनुसार, 72 घंटे राजधानी के लिए सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं.
29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया
सोमवार सुबह हथिनीकुंड बैराज से 29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के आसार नजर आ रहे हैं। अधिकारियों को सख्त निगरानी रखने और निचले इलाकों में गश्त बढ़ाने के आदेश दिए हैं। सरकारी आदेश में कहा गया है, “चूंकि ओआरबी (दिल्ली पुराना रेलवे पुल) पर जलस्तर खतरे के निशान को पार करने की आशंका है। यह 206.50 मीटर से ऊपर जा सकता है.
हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी
सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया को बताया कि हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंचने में लगभग 72 घंटे का समय लेता है। सीएम ने आश्वासन दिया कि सरकार ने पहले से ही व्यापक तैयारियां की हैं ताकि पानी का प्रवाह सुचारू रूप से निकल जाए। सीएम ने कहा, पिछले छह महीनों में हमने यमुना की सफाई पर विशेष ध्यान दिया है, जिसके कारण पानी रुकने की संभावना नहीं है। यमुना के फ्लडप्लेन में पानी जरूर पहुंचेगा, क्योंकि वहां जगह है, लेकिन दिल्ली के अन्य हिस्सों में इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा।