Flydubai Cockpit Attack UAE : फ्लाईदुबई की एक उड़ान में हुई सनसनीखेज घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। विमान के कॉकपिट में कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर विमान पर कब्जा करने की कोशिश की गई। घटना के वक्त फ्लाइट में 174 यात्री सवार थे। स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी, लेकिन यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सतर्कता से आरोपी को काबू कर लिया गया। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने इस घटना को खतरनाक आतंकी हमला बताया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
भारतीय पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के बाद UAE के वरिष्ठ राजनयिक सलाहकार अनवर गर्गाश ने भारतीय पायलट स्मित मछार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि संभावित आपदा के बीच पायलट ने साहस, धैर्य और पेशेवर जिम्मेदारी का परिचय दिया। गर्गाश ने सोशल मीडिया पर उन्हें "सच्चा हीरो" बताते हुए कहा कि उनकी तत्परता की वजह से बड़ा हादसा टल गया और विमान सुरक्षित रहा।
ओमानी को-पायलट पर गंभीर आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले में आरोपी को-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हम्मामी के रूप में की गई है। कई अंतरराष्ट्रीय सूत्रों ने भी उसकी पहचान की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि उस पर पहले भी कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े होने के संदेह लगे थे। रिपोर्टों के अनुसार, ओमान में उसे एक समय उड़ान संचालन से हटाया गया था और बाद में प्रशासनिक जिम्मेदारियां दी गई थीं।
ये भी पढ़ें : 25 अक्टूबर से 265 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हो सकती हैं बंद, Mumbai Airport से यात्रा करने वालों के लिए बड़ी खबर
पुराने रिकॉर्ड और भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल
घटना के बाद फ्लाईदुबई की भर्ती प्रक्रिया और सुरक्षा जांच को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक हमाम अल-हम्मामी पहले ओमान एयर और रॉयल एयर मार्को में भी काम कर चुका था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके पिछले रिकॉर्ड की कितनी जांच की गई थी और एयरलाइन को उसके बारे में क्या जानकारी थी।
सोशल मीडिया गतिविधियां भी जांच के घेरे में
जांच एजेंसियां आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उससे जुड़े कुछ सोशल मीडिया अकाउंट घटना के दिन तक सक्रिय थे और बाद में हटा दिए गए। कुछ पोस्टों में कथित तौर पर चरमपंथी संगठनों से जुड़े व्यक्तियों की तस्वीरें और सामग्री दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि इन दावों की जांच अभी जारी है और अधिकारियों की ओर से अंतिम निष्कर्ष जारी नहीं किया गया है।
आतंकी एंगल की जांच तेज
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या यह हमला किसी बड़े आतंकी नेटवर्क या चरमपंथी विचारधारा से जुड़ा था। फिलहाल विमान, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित कर ली गई है। वहीं UAE प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी।