UP NEWS: उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण हुए विभिन्न सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई और 70 से अधिक घायल हो गए। कम दृश्यता के बावजूद तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने और हेलमेट न पहनने जैसी लापरवाही जानलेवा साबित हुई। 50 से ज्यादा वाहन आपस में टकराए, जिनमें पीएसी के आठ जवान भी घायल हुए। ये घटनाएं रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, फिरोजाबाद, मेरठ और बागपत सहित कई जिलों में हुईं।
50 से ज्यादा वाहन टकराए
रविवार को विभिन्न हादसों में 50 से अधिक वाहन आपस में टकरा गए, जिससे 11 लोगों की जान चली गई और 70 से ज्यादा लोग घायल हो गए। रामपुर में रविवार सुबह लगभग नौ बजे मिलक के मान सिंह अपने बेटे सूरज और भतीजे कल्यान के साथ बाइक से मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रांग साइड से आए ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौत हो गई।
15 फीट नीचे गिरे रोडवेज बस, 20 घायल
लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात करीब तीन बजे गोरखपुर से दिल्ली जा रही रोडवेज बस अंडरपास के पास करीब 15 फीट नीचे जा गिरी और पलट गई।
चीख पुकार सुनने के बाद के बीच हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहनों ने पुलिस को सूचना दी। कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच भारी पुलिस बल ने राहत और बचाव शुरू किया। बस में करीब 55 यात्री सवार थे। हादसे में करीब 20 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी संगम कुमार स्वयं राहत और बचाव कार्य में लग रहे। घायलों का इलाज किया जा रहा है