लखनऊ। उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलने से यह स्थिति और गंभीर हो गई है।
बुलंदशहर में हुआ बडा हादसा
कोहरे की वजह से सबसे बड़ा हादसा बुलंदशहर में हुआ, जहां एक हाईवे पर घने कोहरे के कारण एक के बाद एक 20 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह चेन रिएक्शन सुबह के समय शुरू हुआ जब विजिबिलिटी बेहद कम थी। कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कुछ यात्रियों को चोटें आईं। पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राज्य में इससे पहले भी कोहरे से कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन यह सबसे बड़ा पाइल-अप माना जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने हाईवे पर स्पीड लिमिट कम करने और फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।हवाई यातायात पर भी कोहरे की मार पड़ी है।
26 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं
लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और अयोध्या समेत कई एयरपोर्ट्स से शनिवार को 26 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। इसके अलावा 20 से ज्यादा उड़ानें देरी से रवाना हुईं या डायवर्ट की गईं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें। कोहरे के कारण लैंडिंग और टेकऑफ में दिक्कत आ रही है, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं।रेल यातायात भी ठप्पड़ सा हो गया है।
100 से ज्यादा ट्रेनें चल रहीं लेट
प्रयागराज, देवरिया, गोरखपुर और लखनऊ समेत कई स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 10 घंटे देरी से चल रही हैं। कुछ ट्रेनें तो पूरी तरह कैंसिल कर दी गईं। घने कोहरे में सिग्नल विजिबिलिटी कम होने से रेलवे को सावधानी बरतनी पड़ रही है। आइएमडी के अनुसार शनिवार को प्रदेश के गोरखपुर, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, लखनऊ, प्रयागराज समेत 30 से ज्यादा जिलों में रेड अलर्ट है। विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रहने की आशंका है।
कई जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति
कई जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति बनेगी, जहां दिन में भी ठंडक रहेगी। न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री और अधिकतम 15-20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। अगले एक सप्ताह तक कोहरा और ठंड का यह दौर जारी रह सकता है। सरकार अलर्ट मोड पर है। राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हाईवे और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात की जाए। जरूरतमंदों को रैन बसेरों में जगह दी जा रही है। कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बुजुर्ग और बच्चे घर से बाहर निकलने से बचें, क्योंकि ठंड से सांस की बीमारियां बढ़ रही हैं। यह ठंड और कोहरा उत्तर भारत के कई राज्यों में फैला हुआ है। बिहार, पंजाब, हरियाणा में भी अलर्ट जारी है। विशेषज्ञ कहते हैं कि नए साल तक राहत मिलने की उम्मीद कम है। यात्रियों और ड्राइवरों से अपील है कि सावधानी बरतें, क्योंकि कोहरा जानलेवा साबित हो सकता है।